scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमराजनीतिभारत-अमेरिका डील, बजट से लेकर निशिकांत तक—NDA सांसदों की बैठक में मोदी ने क्या कुछ कहा

भारत-अमेरिका डील, बजट से लेकर निशिकांत तक—NDA सांसदों की बैठक में मोदी ने क्या कुछ कहा

जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद से सबसे बड़ा बदलाव अब हो रहा है और यह भारत को सेंटर स्टेज पर ला रहा है.

Text Size:

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय बजट 2026 को 25 साल की सोच के साथ तैयार किया गया है. उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे देशभर में लोगों को इस बजट के फायदे समझाएं.

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुनिया का सबसे बड़ा वैश्विक संतुलन बदलाव इस समय हो रहा है और इसमें भारत केंद्र में आ रहा है.

“उन्होंने कहा कि यह 21वीं सदी का सबसे प्रभावशाली बदलाव होगा,” एक भाजपा सांसद ने बताया.

प्रधानमंत्री ने यह बातें एनडीए संसदीय दल की बैठक में कहीं. उन्होंने कहा, “यह बजट 25 साल को ध्यान में रखकर बनाया गया है. यह अगले 25 साल के लिए हमारा विजन है.”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ हाल ही में हुए व्यापार समझौते आने वाले वर्षों में भारत को बड़े फायदे देंगे. बैठक में एनडीए नेताओं ने कई देशों के साथ व्यापार समझौते सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रधानमंत्री को सम्मानित भी किया.

केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “बैठक में मोदी जी की ऐतिहासिक व्यापार उपलब्धियों पर भी चर्चा हुई. नौ मुक्त व्यापार समझौते हुए हैं, जिनमें पिछले हफ्ते साइन हुआ भारत-यूरोपीय संघ समझौता और कल घोषित भारत-अमेरिका समझौते शामिल हैं. इससे सांसदों में काफी उत्साह दिखा.”

एक अन्य सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कई क्षेत्रीय और छोटी पार्टियों के एनडीए के साथ आने का जिक्र किया और कहा कि यह गठबंधन की स्वीकार्यता को दिखाता है. हालांकि, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को लगातार मेहनत करने और लोगों से जुड़े रहने की सलाह भी दी.

एक वरिष्ठ पार्टी नेता ने कहा, “एनडीए एक के बाद एक चुनाव इसलिए जीत रहा है क्योंकि उसने अच्छा काम किया है. पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के रूप में हमें लगातार मेहनत करनी है और नतीजे देने हैं. लोगों का कल्याण सबसे अहम है.”

प्रधानमंत्री ने सांसदों से संसद में नियमित रहने और संसदीय स्थायी समितियों की बैठकों में पूरी गंभीरता से शामिल होने को भी कहा. उन्होंने जोर दिया कि वे जनता के प्रतिनिधि हैं, वीआईपी नहीं.

उन्होंने कहा, “इन बैठकों में शामिल होकर बहुत कुछ सीखा जा सकता है.” उन्होंने सभी से ज्यादा सतर्क रहने की अपील की.

प्रधानमंत्री ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का उदाहरण दिया और कहा कि वह हमेशा समय पर आते हैं और पूरी तैयारी के साथ रहते हैं. उन्होंने उनके काम करने के तरीके की तारीफ की और कहा कि दूसरों को उनसे सीखना चाहिए, एक अन्य सांसद ने बताया.

एक और नेता ने कहा, “उन्होंने हमें सांसद के तौर पर काम करने का तरीका बताया और यह भी समझाया कि जमीनी हकीकत और लोगों से जुड़े रहना कितना जरूरी है. उन्होंने कहा कि मेहनत ही एकमात्र मंत्र है और हमें संसद के साथ-साथ स्थायी समिति की बैठकों में भी सक्रिय रहना चाहिए. उन्होंने बताया कि यही बात हमें दूसरों से अलग बनाती है.”

बैठक के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को भी सम्मानित किया गया.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: राजनीतिक आत्मविश्वास से भरी सरकार का वैश्विक उथल-पुथल के बीच सावधानी भरा बजट


 

share & View comments