scorecardresearch
Sunday, 15 September, 2024
होमदेशमध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता का निधन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता का निधन

पिता के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री कैबिनेट बैठक में भाग लेने के बाद, उज्जैन के लिए रवाना हो गए.

Text Size:

नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता पूनम चंद यादव का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार शाम निधन हो गया. अधिकारियों ने बताया कि पूनम चंद यादव 100 वर्ष के थे.

अधिकारियों ने बताया कि उनके तीन बेटे और दो बेटियां हैं. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मां का पहले ही निधन हो चुका है.

पिता के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री कैबिनेट बैठक में भाग लेने के बाद, उज्जैन के लिए रवाना हो गए.

मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी फूलों से सजे ट्रक पर खड़े थे, जिस पर पूनम चंद यादव का पार्थिव शरीर रखा गया था.

अंतिम संस्कार उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर गणमान्य व्यक्तियों, मंत्रियों और लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया.

अंतिम यात्रा मुख्यमंत्री के घर से शुरू हुई और मुख्य मार्गों से होते हुए उज्जैन में नदी के तट पर पहुंची. पूनम चंद यादव के बड़े बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी.

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित अन्य लोगों ने उनके (मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता के) निधन पर शोक व्यक्त किया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की.

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में गहरी संदेवनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजन को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर जारी संदेश में लिखा है कि सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है. दुःख की इस विकट घड़ी में मेरी संवेदना शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव रहेगी. बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें.

कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला, भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा तुलसी सिलावट अंतिम संस्कार के समय मौजूद थे.

share & View comments