scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित: शिवराज चौहान

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित: शिवराज चौहान

सम्मेलन में उन्होंने लोगों और किसानों से आह्वान किया कि वे भारतीय किसानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करें.

Text Size:

सीहोर (मध्य प्रदेश): केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को दावा किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के तहत भारतीय किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की गई है. उन्होंने विपक्ष के उन दावों को खारिज किया कि यह समझौता खेती-किसानी को बर्बाद कर देगा.

उनका यह बयान अमेरिका के साथ अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर मोदी सरकार पर कांग्रेस के निरंतर हमलों के बीच आया है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि भारत और अमेरिका एक व्यापार समझौते पर सहमत हुए हैं. वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि वह इस बात से खुश हैं कि भारत में बने उत्पादों पर अब शुल्क घटकर 18 प्रतिशत रह जाएगा.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए अमेरिकी दबाव के आगे घुटने टेक दिए हैं और इस समझौते के जरिए भारतीय किसानों की कड़ी मेहनत को कथित रूप से बेच दिया गया है.

चौहान ने सीहोर जिले में राष्ट्रीय दलहन सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा देश के सम्मान को सर्वोपरि रखा है और भारत को कभी झुकने नहीं दिया.

एक आधिकारिक बयान के अनुसार चौहान ने कहा, ”कृषि मंत्री के रूप में मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमारे किसानों के हितों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है, चाहे वह बासमती, चावल, मसाले हों या कपड़ा क्षेत्र.”

उन्होंने कहा कि निर्यात में वृद्धि से भारतीय किसानों के लिए नए बाजार खुलेंगे और उनकी आय कई गुना बढ़ जाएगी. उन्होंने कहा कि इससे किसानों को लाभ होगा.

उन्होंने आगे कहा, ”कुछ लोगों द्वारा इस समझौते को लेकर शोर मचाया जा रहा है कि यह विनाशकारी होगा. किसानों के हितों की पूरी रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद.”

उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए समझौते के अनुसार, हमारी सभी फसलें सुरक्षित हैं. अमेरिका से कोई मक्का, गेहूं, चावल, सोयाबीन, पोल्ट्री उत्पाद, दूध, पनीर, एथनॉल, ईंधन या तंबाकू नहीं आएगा.”

सम्मेलन में उन्होंने लोगों और किसानों से आह्वान किया कि वे भारतीय किसानों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करें.

share & View comments