scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमदेशअर्थजगतलगातार नौवां बजट, अपनी जड़ों की ओर लौटीं वित्त मंत्री: निर्मला सीतारमण ने पहनी कांचीवरम साड़ी

लगातार नौवां बजट, अपनी जड़ों की ओर लौटीं वित्त मंत्री: निर्मला सीतारमण ने पहनी कांचीवरम साड़ी

बैंगनी चेक डिज़ाइन, हल्के सुनहरे-भूरे बॉर्डर और सरसों-गोल्ड पल्लू वाली कांचीवरम साड़ी में दिखीं वित्त मंत्री.

Text Size:

नई दिल्ली: हर साल जब देश केंद्रीय बजट का इंतजार करता है, तो वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चर्चा के केंद्र में रहती हैं, लेकिन बजट भाषण से पहले, हाथ में पकड़ी ‘बही-खाता’ से भी पहले, उनकी साड़ियां सुर्खियां बटोर लेती हैं.

रविवार को लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री संसद पहुंचीं तो उन्होंने तमिलनाडु की हाथ से बुनी कांचीवरम सिल्क साड़ी पहनी हुई थी.

उनकी साड़ी में बैंगनी रंग का चेकदार (कट्टम) डिज़ाइन था, जिस पर हल्के सुनहरे-भूरे रंग की चेक्स बनी थीं. साड़ी का बॉर्डर कॉफी-ब्राउन रंग का था, जिस पर धागों की कढ़ाई की गई थी. वहीं, पल्लू सरसों-गोल्ड रंग का था, जिस पर बैंगनी और सुनहरे बॉर्डर की सजावट थी.

उन्होंने साड़ी के साथ ऊनी शॉल भी ओढ़ी है.

कांचीवरम साड़ी पहनकर वित्त मंत्री ने अपने गृह राज्य तमिलनाडु को सम्मान दिया. गौरतलब है कि तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं.

साल 2019 में अपना पहला बजट पेश करने के बाद से ही निर्मला सीतारमण की साड़ियां एक सांस्कृतिक पहचान बन चुकी हैं. हर साल वह देश के अलग-अलग राज्यों की हथकरघा साड़ियों को अपने पहनावे के ज़रिये सामने लाती हैं.

अपने पहले बजट में उन्होंने आंध्र प्रदेश की चमकीली गुलाबी मंगलगिरी साड़ी पहनी थी. इसके बाद 2020 में पीले-सुनहरे रंग की सिल्क साड़ी, 2021 में पोचमपल्ली इकत, 2022 में ओडिशा की बोमकई, 2023 में कर्नाटक की इलकल साड़ी और 2024 में दो अलग-अलग साड़ियां पहनीं—पूर्ण बजट के दौरान मंगलगिरी सिल्क और अंतरिम बजट में कांथा कढ़ाई वाली नीली तसर सिल्क साड़ी.

share & View comments