scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशगौतम सिंघानिया से जुड़ी नाव मालदीव में पलटी, रैली ड्राइवर हरि सिंह और नाविक रामचंद्रन लापता

गौतम सिंघानिया से जुड़ी नाव मालदीव में पलटी, रैली ड्राइवर हरि सिंह और नाविक रामचंद्रन लापता

अरबपति सिंघानिया समेत 5 अन्य लोगों के साथ स्पीडबोट में थे दोनों, गुरुवार देर रात नाव पलट गई. एमएनडीएफ ने सिंघानिया सहित 4 लोगों को बचाया, सिंह और रामचंद्रन की तलाश जारी.

Text Size:

नई दिल्ली: मशहूर रैली ड्राइवर हरि सिंह और पूर्व नौसेना अधिकारी तथा याचिंग के लिए अर्जुन पुरस्कार विजेता कमांडर महेश रामचंद्रन, पिछले हफ्ते मालदीव में हुई स्पीडबोट दुर्घटना के बाद से लापता हैं. इस हादसे में अरबपति उद्योगपति गौतम सिंघानिया भी शामिल थे.

रामचंद्रन यॉट टीटी अशेना के कप्तान थे, जो सिंघानिया से जुड़ी है. सिंघानिया रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.

गुरुवार को वावू एटोल के फेलिधू द्वीप के पास स्पीडबोट पलट गई. नाव में कुल सात लोग सवार थे—पांच भारतीय, एक रूसी और एक ब्रिटिश यात्री.

सिंघानिया शुक्रवार को भारत लौट आए, जबकि हादसे में घायल एक अन्य भारतीय अगले दिन भारत वापस आया.

मालदीव नेशनल डिफेंस फोर्स (एमएनडीएफ) को शुक्रवार रात 12:40 बजे कॉल मिली, जिसके बाद से दो लापता भारतीयों की तलाश जारी है. यह हादसा कियोधू द्वीप से करीब दो नॉटिकल मील दूर हुआ. एमएनडीएफ ने सिंघानिया समेत चार लोगों को तुरंत बचा लिया था.

एमएनडीएफ ने शनिवार को बयान में कहा, “जैसे ही मदद की सूचना मिली, तुरंत टीम को लगाया गया. यह ऑपरेशन एमएनडीएफ माले एरिया कमांड, कोस्ट गार्ड सेकंड स्क्वाड्रन और एयर कॉर्प्स द्वारा चलाया जा रहा है. समुद्र और हवा दोनों रास्तों से बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन किया जा रहा है, जिसमें कोस्ट गार्ड के गोताखोर भी शामिल हैं.”

अब तक सर्च ऑपरेशन में करीब 3,450 स्क्वायर नॉटिकल मील समुद्री क्षेत्र में तलाश की जा चुकी है. इसके अलावा गोताखोरों ने लगभग 7,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में पानी के अंदर भी खोज अभियान चलाया है.

बताया जा रहा है कि स्पीडबोट सिगरेट रेसिंग कंपनी की बनी थी और हादसे से पहले इसकी स्पीड 72 मील प्रति घंटा तक पहुंच गई थी. मालदीव के मीडिया संस्थानों अधधु और एटोल टाइम्स के अनुसार, हादसे के समय सिंघानिया खुद नाव चला रहे थे. मामले की जांच जारी है.

स्पीडबोट फिलहाल मालदीव प्रशासन के कब्ज़े में है. सिंघानिया के चेहरे और हाथ में चोट आई थी और इलाज के लिए वे मुंबई चले गए. दो लोग अभी भी मालदीव में इलाज करा रहे हैं, जबकि बाकी को भारत भेज दिया गया है. माणिक भीमसेन भारद्वाज नाम के एक अन्य भारतीय को गंभीर चोट लगने के कारण शनिवार को इलाज के लिए भारत भेजा गया.

भारत के मोटरस्पोर्ट समुदाय ने सोशल मीडिया पर हरि सिंह और उनके परिवार के लिए समर्थन जताया है. कई खिलाड़ियों ने पांच बार के नेशनल रैली चैंपियन हरि सिंह के लिए शोक संदेश भी लिखे हैं. हालांकि, मालदीव प्रशासन ने अभी तक दोनों लापता भारतीयों को आधिकारिक रूप से मृत घोषित नहीं किया है.

पूर्व फॉर्मूला 1 ड्राइवर करुण चंडोक ने एक्स पर लिखा, “हरि सिंह के निधन की खबर बहुत दुखद है…मैंने उनकी यह फोटो तब ली थी जब मैं 11 साल का था, कोयंबटूर में. मैं उन्हें हमेशा ऐसे ही याद रखूंगा – पीली जिप्सी में ‘फ्लाइंग सिख’.”

उन्होंने लिखा, “वह हमेशा गर्मजोशी से गले मिलते थे और ज़िंदगी व रोमांच के लिए उनका जुनून अलग ही था. हरि, तुम्हारे बिना दुनिया पहले जैसी नहीं रहेगी…सिमरन और बच्चों को ढेर सारा प्यार.”

कमांडर रामचंद्रन को साल 2001 में तत्कालीन राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने याचिंग के लिए अर्जुन पुरस्कार दिया था. 2002 एशियन गेम्स में रामचंद्रन ने आशीम मोंगिया के साथ सेलिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. 2006 दोहा एशियन गेम्स में उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया था.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments