scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमरिपोर्टपीएम मोदी ने देखा यूपी का ‘ग्रोथ मैप’, एक्सप्रेसवे नेटवर्क को बताया विकास की आधारशिला

पीएम मोदी ने देखा यूपी का ‘ग्रोथ मैप’, एक्सप्रेसवे नेटवर्क को बताया विकास की आधारशिला

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जाने वाले औद्योगिक कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब की योजना भी प्रदर्शनी में प्रस्तुत की गई. इन परियोजनाओं के जरिए बड़े पैमाने पर निवेश लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है.

Text Size:

हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के भविष्य के विकास मॉडल की झलक देखी. कार्यक्रम स्थल पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए पीएम ने एक्सप्रेसवे नेटवर्क, औद्योगिक संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत के संगम की विस्तृत जानकारी ली.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में बन रहे एक्सप्रेसवे नेटवर्क, उनकी रणनीतिक उपयोगिता और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया. प्रधानमंत्री ने इस व्यापक नेटवर्क को “नए उत्तर प्रदेश” की आधारशिला बताते हुए इसकी सराहना की.

यूपीडा के अधिकारियों ने भी पीएम को एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़े औद्योगिक विकास और निवेश की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

प्रदर्शनी में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की झलक भी दिखाई गई. प्रयागराज महाकुंभ संगम, आर्ट गैलरी, प्रतापगढ़ का पक्षी अभयारण्य, महात्मा बुद्ध की ध्यानमग्न प्रतिमा और विभिन्न मंदिरों की झांकियों ने प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित किया.

इससे यह संदेश दिया गया कि प्रदेश में विकास के साथ-साथ परंपरा और संस्कृति को भी समान महत्व दिया जा रहा है.

प्रदर्शनी में गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण, इसके मार्ग में आने वाले 12 जिलों और इससे मिलने वाली बेहतर कनेक्टिविटी को विस्तार से दिखाया गया. यह बताया गया कि एक्सप्रेसवे यात्रा को तेज बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय संतुलित विकास को भी बढ़ावा देगा.

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जाने वाले औद्योगिक कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब की योजना भी प्रदर्शनी में प्रस्तुत की गई. इन परियोजनाओं के जरिए बड़े पैमाने पर निवेश लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है.

प्रदर्शनी में यह स्पष्ट किया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आर्थिक बदलाव का आधार बनने जा रहा है. बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और संतुलित क्षेत्रीय वृद्धि के जरिए यह परियोजना प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी.

share & View comments