गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए. इस दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद मांगी. बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए.
सीएम योगी ने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा. जब महिला ने बताया कि उसका कार्ड नहीं बना है, तो मुख्यमंत्री ने उसे भरोसा दिलाते हुए कहा, “घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे. आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद दी जाएगी.”
मुख्यमंत्री ने महिला का प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजकर आयुष्मान कार्ड तुरंत बनवाया जाए और इलाज का अनुमान (इस्टीमेट) शासन को भेजा जाए.
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 200 लोगों से मिले. गोरखनाथ मंदिर परिसर में महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठाए गए लोगों तक वे खुद पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कहा कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान होना चाहिए.
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं पर तुरंत संवेदनशीलता दिखाएं. लोगों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा, “घबराइए मत, सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करेगी.”
अपराध और जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनता दर्शन के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं. मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलार किया और उन्हें चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया.
