भोपाल/बांकुरा: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ममता अब ‘दीदी’ नहीं रहीं, बल्कि ‘अप्पी’ हो गई हैं और राज्य की जनता उनके शासन से परेशान है.
सीएम मोहन यादव भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि बांकुरा की धरती महान व्यक्तित्वों जैसे सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर की रही है, लेकिन आज राज्य की स्थिति चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता का नहीं, बल्कि बदलाव का चुनाव है और जनता भाजपा को सत्ता में लाने के लिए तैयार है.
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के शासन में बंगाल से लोगों का पलायन हो रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य का युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर है, जबकि घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बंगाल में बांग्लादेशियों के लिए कोई जगह नहीं है और भाजपा सरकार बनने पर इस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज दुनिया भारत की ताकत को पहचान रही है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से गरीबों को पक्का मकान, राशन और आर्थिक सहायता मिल रही है तथा अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को स्वरोजगार के लिए लोन भी दिया जा रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार के दौरान शिक्षक भर्ती घोटाला, प्रधानमंत्री आवास योजना घोटाला और मनरेगा घोटाला जैसे कई मामले सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि अब जनता इन सभी मुद्दों का हिसाब लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव में चुकता करेगी.
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि बांकुरा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है और जनता बदलाव के पक्ष में है. उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी.
