नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का समयबद्ध और संतुष्टिप्रद निस्तारण सुनिश्चित किया जाए. मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनके प्रार्थना पत्र लिए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि दबंगों द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और गरीबों की संपत्ति सुरक्षित रहे. पारिवारिक विवाद और आर्थिक मदद के मामलों में भी सीएम ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जनता दर्शन में बच्चों को दुलारा और चॉकलेट दी. गोरखनाथ मंदिर में उन्होंने गोशाला का भी दौरा किया और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और आशीर्वाद दिया.
