भोपाल: सेना प्रमुख (COAS) जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को भोपाल में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से उनके निवास पर मुलाकात की. इस दौरान युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने को लेकर चर्चा हुई.
सीएम मोहन यादव ने बताया कि अगले साल 15 जनवरी को भोपाल में भव्य ‘आर्मी डे’ परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में देश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने पर विचार किया गया.
सीएम ने कहा कि भोपाल में आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड देश की समृद्ध सैन्य परंपरा और वीर जवानों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी.
उन्होंने बताया कि भोपाल में कार्यक्रमों की शुरुआत 9 जनवरी से होगी. इस दौरान ‘शौर्य संध्या’, सैन्य प्रदर्शनी और सैन्य अभ्यास जैसे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
हर साल 15 जनवरी को ‘आर्मी डे’ मनाया जाता है. इसी दिन 1949 में जनरल (बाद में फील्ड मार्शल) केएम करियप्पा ने आखिरी ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल एफआरआर बुचर से भारतीय सेना की कमान संभाली थी और स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ बने थे.
आर्मी डे परेड में भारतीय सेना की ताकत, अनुशासन और आधुनिक क्षमताओं का प्रदर्शन किया जाता है. इसमें मार्चिंग टुकड़ियां, सैन्य उपकरणों की झलक और युद्ध कौशल के प्रदर्शन शामिल होते हैं, जो सेना की तैयारी को दर्शाते हैं.
