scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमरिपोर्टहरियाणा: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से मुफ्त तीर्थ यात्रा

हरियाणा: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से मुफ्त तीर्थ यात्रा

सरकार ने भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम के साथ किया समझौता; अयोध्या, वाराणसी, वैष्णो देवी समेत कई धार्मिक स्थलों की यात्रा होगी मुफ्त.

Text Size:

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से मुफ्त तीर्थ यात्रा कराने के लिए भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

हरियाणा सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क और भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग और IRCTC की ओर से सर्कल रीजनल मैनेजर हरजोत सिंह संधू ने इस MoU पर हस्ताक्षर किए.

महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की है, जिसके तहत राज्य के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा कराई जाती है.

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत हरियाणा के अलग-अलग जिलों के हजारों वरिष्ठ नागरिकों को पहले ही तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है. इनमें अयोध्या भी शामिल है, जहां उन्हें हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के जरिए ले जाया गया था.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर अब सरकार ने तीर्थ यात्रा के लिए ट्रेन की व्यवस्था करने का फैसला किया है. इसी पहल के तहत हरियाणा सरकार और IRCTC के बीच यह समझौता किया गया है.

इस मौके पर रेलवे की ओर से हर्ष दीप और नितिन शर्मा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

पांडुरंग ने बताया कि इस समझौते के तहत हरियाणा के श्रद्धालुओं को कई प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी. इनमें अयोध्या, वाराणसी, तख्त श्री पटना साहिब, हजूर साहिब नांदेड़, पुष्कर, वैष्णो देवी, शिरडी और शनि शिंगणापुर शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार भविष्य में और तीर्थ स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है.

समझौते के अनुसार हर ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे. इनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सेवा कर्मियों के लिए रखा जाएगा.

यात्रा के दौरान भोजन और पेय पदार्थ, रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक आने-जाने की व्यवस्था और रहने की सुविधा भी हरियाणा सरकार की ओर से मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी.

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हरियाणा के 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के ऐसे वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, इस योजना का लाभ ले सकते हैं.

पात्र लोग आधिकारिक तीर्थ यात्रा पोर्टल पर पंजीकरण कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.

share & View comments