scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमदेशभारत मंडपम AI समिट हंगामा: गिरफ्तार युवा कांग्रेस नेताओं की जमानत खारिज, पुलिस कस्टडी में भेजे गए

भारत मंडपम AI समिट हंगामा: गिरफ्तार युवा कांग्रेस नेताओं की जमानत खारिज, पुलिस कस्टडी में भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है. दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से कहा कि इनकी कस्टडी अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए जरूरी है.

Text Size:

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान विरोध-प्रदर्शन के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. पटियाला हाउस कोर्ट ने शनिवार को गिरफ्तार चार भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है. दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से कहा कि इनकी कस्टडी अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच के लिए जरूरी है.

यह विरोध प्रदर्शन भारत मंडपम में आयोजित AI Impact Summit के दौरान हुआ था, जहां अंतरराष्ट्रीय नेताओं और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कमीज उतारकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने “Compromised PM” लिखे संदेश भी दिखाए.

आरोपियों के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और शांतिपूर्ण विरोध करना उनका अधिकार है. उन्होंने कहा कि हिंसा का कोई वीडियो सबूत नहीं है और सभी आरोपी शिक्षित तथा जिम्मेदार पदों पर हैं.

इस घटना को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है. बसपा प्रमुख मायावती ने इस प्रदर्शन को “अति-अशोभनीय और निंदनीय” बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में ऐसा आचरण देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है.

वहीं केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने अपनी युवा इकाई का इस्तेमाल कर देश के खिलाफ “बड़ा पाप” किया है. उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा.

इस बीच भारतीय जनता पार्टी और उसके युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली, जम्मू और सूरत समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया और राहुल गांधी से माफी की मांग की. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस घटना से देश की गरिमा को ठेस पहुंची है.

गौरतलब है कि AI Impact Summit में देश-विदेश के कई बड़े उद्योगपति और प्रतिनिधि शामिल हुए थे. इस दौरान हुए विरोध के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था.

मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.

share & View comments