नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि के अवसर पर एक विशेष आध्यात्मिक पहल की शुरुआत की गई है. मंदिर न्यास ने देश-विदेश के ज्योतिर्लिंगों, शक्तिपीठों और प्राचीन तीर्थस्थलों से पावन प्रसाद, पूजित वस्त्र, रज और पवित्र जल मंगाकर भगवान विश्वेश्वर के श्रीचरणों में अर्पित करने की परंपरा शुरू की है.
अब तक 62 मंदिरों से भेंट प्राप्त हो चुकी है. इनमें तमिलनाडु, मथुरा, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तराखंड के प्रमुख मंदिर शामिल हैं. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, श्री कृष्ण जन्मस्थान और केदारनाथ धाम से भी प्रसाद पहुंचा है.
मंदिर प्रशासन के अनुसार यह पहल सनातन समाज को एक सूत्र में जोड़ने और वैश्विक आध्यात्मिक एकात्मता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
