पटना: बिहार में ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. राज्य में इस समय करीब ₹50 हजार करोड़ का निवेश ऊर्जा प्रक्षेत्र में किया जा रहा है. यह जानकारी ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने बुधवार को दी.
ऊर्जा मंत्री की उपस्थिति में बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) ने लखीसराय जिले के कजरा में स्थापित 185 मेगावाट सौर ऊर्जा सह 282 मेगावाट-आवर बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजना से उत्पादित बिजली की आपूर्ति के लिए विद्युत क्रय एकरारनामा (पावर परचेज एग्रीमेंट) पर हस्ताक्षर किए.
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र की वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट ‘The Power Year 2025 – Bihar Energy Highlights’ का भी विमोचन किया.
कार्यक्रम में ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह (भा.प्र.से.), साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री महेंद्र कुमार (भा.प्र.से.), नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री राहुल कुमार (भा.प्र.से.) सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से निपटने में सौर ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि कजरा सौर परियोजना से बिहार में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी और यह राज्य के ऊर्जा क्षेत्र को नई मजबूती देगी. यह परियोजना केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि हरित ऊर्जा और भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी है.
उन्होंने कहा कि यह निवेश नीति और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सहूलियत और सुरक्षा सुनिश्चित करेगा और इसके लिए ऊर्जा विभाग लगातार प्रयासरत है.
