देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में स्पष्ट किया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद कोचिंग और नकल माफिया नकल जिहाद छेड़ने का प्रयास कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने दो टूक चेतावनी दी कि सरकार ऐसे नकल जिहादियों को हर हाल में मिट्टी में मिला देगी.
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ नकल विरोधी कानून लागू किया है. इसके परिणामस्वरूप अब तक 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है. सरकार के प्रयासों से पिछले चार वर्षों में पारदर्शिता के साथ 25 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति मिली है. अब युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर कई परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ शरारती तत्व इस प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं. नकल और कोचिंग माफिया सरकार की सख्ती से बौखला चुके हैं और देवभूमि में नकल जिहाद छेड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार किसी भी हालत में परीक्षा माफिया और नकल जिहादियों को सफलता नहीं दिलाएगी. नकल जिहाद की कोई भी कोशिश प्रदेश में पूरा नहीं होने पाएगी.
