रायपुर: नवरात्रि पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एम.जी. रोड एवं आसपास के प्रमुख बाजारों का भ्रमण किया. उन्होंने व्यापारियों और उपभोक्ताओं से आत्मीय संवाद किया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू जीएसटी 2.0 ने कर प्रणाली में नई सरलता और पारदर्शिता लाने का काम किया है. मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे बाजार का माहौल उल्लास और उत्साह से भर गया.
मुख्यमंत्री साय ने जयस्तंभ चौक से महात्मा गांधी मार्ग होते हुए गुरुनानक चौक तक पैदल भ्रमण कर विभिन्न प्रतिष्ठानों में जाकर जीएसटी बचत उत्सव का जायजा लिया. इस दौरान दुकानों में बचत उत्सव के स्टीकर लगाए गए और दुकानदारों एवं ग्राहकों से आत्मीय बातचीत की गई.
बाजार भ्रमण के दौरान व्यापारियों में उत्साह देखने को मिला. विभिन्न व्यापारी संगठनों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधार से देश की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा. नए सुधारों से टैक्स में कटौती हुई है, जिसका लाभ ग्राहकों को सीधे मिल रहा है.
शारदा चौक स्थित शंकर हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद भ्रमण शुरू हुआ. लीला श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक्स में खरीददारी करने आई ऋचा ठाकुर ने बताया कि जीएसटी कटौती से उन्हें 25,000 रुपये की बचत हुई. वहीं, एम.एस. ट्रेडर्स के प्रोप्राइटर मोहन नेभानी ने बताया कि नई दरों से ग्राहकों की खरीददारी बढ़ी है और हर सामान पर 1,000 से 2,000 रुपये की बचत हो रही है.
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी मार्ग स्थित विभिन्न दुकानों का भ्रमण कर दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की. आमजन ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया. जयस्तंभ चौक पर उनका स्वागत चैम्बर ऑफ कॉमर्स और पार्टी पदाधिकारियों ने किया. शारदा चौक में देवी प्रतिमा के दर्शन के साथ उन्होंने भक्तों से संवाद किया.
मुख्यमंत्री ने टिनी टीज़र और किड्स ऑन व्हील साइकिल स्टोर सहित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में जाकर बच्चों की वस्तुओं और घरेलू सामग्री पर घटे कर दरों की जानकारी ली. दुकानदारों ने बताया कि नए प्रावधानों से व्यापार करना आसान हुआ है और ग्राहकों का भरोसा बढ़ा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब केवल दो स्लैब रह गए हैं. आवश्यक वस्तुएं जैसे साबुन, टूथपेस्ट, साइकिल और रसोई सामग्री केवल 5 प्रतिशत कर पर उपलब्ध होंगी, जिससे हर परिवार को सालाना 3,000 से 5,000 रुपये की बचत होगी. ब्रेड, दूध, पैक्ड नमकीन और चना करमुक्त हो गए हैं. स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर कर हटने से लोगों को अतिरिक्त बचत होगी.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जीएसटी सुधार उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार सभी क्षेत्रों पर सकारात्मक प्रभाव डालेगा. उन्होंने उद्यमियों और व्यापारियों से स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे गर्व से कहें – “मैं स्वदेशी खरीदता हूं और स्वदेशी बेचता हूं.”
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोती लाल साहू, नान के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, अमित चिमनानी, रमेश ठाकुर, नंदन जैन सहित विभिन्न व्यापारी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.
