होम देश रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह भारत की वित्तीय यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि: भाजपा

रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह भारत की वित्तीय यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि: भाजपा

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने बुधवार को 2.1 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड उच्च जीएसटी संग्रह की सराहना करते हुए कहा कि यह देश की मजबूत आर्थिक गतिविधि को दर्शाता है और भारत की वित्तीय यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी भारत की वृद्धि दर दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में उच्चतम रहने का अनुमान जताया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों और सुधारों की प्रभावशीलता को रेखांकित करता है।

उन्होंने एक बयान में प्रत्यक्ष कर संग्रह में 17.7 प्रतिशत की वृद्धि दर (19.58 लाख करोड़ रुपये) और खुदरा मुद्रास्फीति (10 महीने के निचले स्तर 4.85 प्रतिशत) पर पहुंच जाने समेत वृहद आर्थिक आंकड़ों की भी चर्चा की।

बलूनी ने अर्थव्यवस्था की ताकत को आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण क्षण के रूप में उल्लेख किया, जो वृद्धि और विकास के अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को ‘मजबूत’ करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मील का पत्थर है,ऐतिहासिक रूप से पहली बार संग्रह दो लाख करोड़ रुपये को पार कर गया, जो देश की मजबूत आर्थिक गतिविधि और बढ़ती खपत को इंगित करता है, जो भारत की वित्तीय यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।’’

बलूनी ने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि देश के लिए एक आशाजनक आर्थिक दिशा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आईएमएफ ने वित्त वर्ष 2024 के लिए भारत के जीडीपी विकास अनुमान को बढ़ाकर 7.8 प्रतिशत कर दिया है।

बयान में कहा गया है, ‘‘यह उल्लेखनीय वृद्धि भारत की मजबूत घरेलू मांग, मजबूत सार्वजनिक निवेश और मौद्रिक उपायों को दर्शाती है। आईएमएफ का 2024 और 2025 में भारत की वृद्धि दर का अनुमान भी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक है।’’

बलूनी ने कहा कि आईएमएफ वित्त वर्ष 2025 के लिए भारत के जीडीपी विकास अनुमान को भी बढ़ा रहा है और ये अनुमान वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में भारत की स्थिति को बढ़ाने के लिए सरकार की रणनीतिक पहलों की सफलता को रेखांकित करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि आईएमएफ के अनुसार, ‘‘भारत ने अन्य उभरते बाजार देशों को भी पीछे छोड़ दिया।’’

बलूनी ने कहा कि एशियाई विकास बैंक और विश्व बैंक जैसे अन्य वैश्विक संगठनों ने भी भारत के आर्थिक प्रदर्शन की सराहना की है।

उन्होंने कहा, ‘‘आईएमएफ द्वारा भारत की आर्थिक वृद्धि को ऊपर की ओर बताया जाना एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है जो वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में भारत के उदय को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि सतत विकास के लिए देश के लचीलेपन, नवाचार और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि यह अपने सभी नागरिकों के लिए एक उज्ज्वल और अधिक समृद्ध भविष्य का निर्माण करते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की भारत की क्षमता को दर्शाता है।

बलूनी ने कहा कि गतिशील नेतृत्व के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों में पूरे देश का मार्गदर्शन किया और सुनिश्चित किया कि भारत समावेशी विकास के पथ पर बना रहे।

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ भाजपा देश को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और आम चुनाव के बाद मोदी तीसरी बार भी सत्ता की बागडोर संभालेंगे।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यह ‘मोदी की गारंटी’ है कि जनता के आशीर्वाद और सरकार की प्रभावी पहलों के माध्यम से भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होने की ओर और कदम बढ़ाएगा।’’

इससे पहले,वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देश का सकल जीएसटी संग्रह अप्रैल में 2.10 लाख करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया, जो घरेलू लेनदेन और आयात में मजबूत वृद्धि से सालाना आधार पर 12.4 प्रतिशत बढ़ रहा है।

भाषा ब्रजेन्द्र माधव धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version