होम देश दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 10...

दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गिरोह पर कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने देशभर के अलग-अलग ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गिरोह से जुड़े नौ अपराधियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को पकड़ा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, ये सभी आरोपी गोलीबारी, जबरन वसूली, हत्या और हथियारों की आपूर्ति जैसे मामलों में वांछित थे।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार से गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से सात पिस्तौल, 31 कारतूस और 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एक अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने दावा किया है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से दिल्ली में सुपारी देकर हत्याओं और अन्य जघन्य अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी।

पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रतीक्षा गोदारा ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त ललित मोहन नेगी और हृदय भूषण की निगरानी में निरीक्षक शिव कुमार और सतीश राणा के नेतृत्व में एक टीम ने देश के सात राज्यों से एक नाबालिग सहित बिश्नोई और बराड़ गिरोह के नौ गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

गोदारा ने बताया कि गिरप्तार किये गये आरोपियों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पंजाब से दो-दो आरोपियों और राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा एवं बिहार से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

लॉरेंस बिश्नोई वर्तमान में गुजरात की साबरमती जेल में बंद है, जबकि सतिंदरजीत सिंह उर्फ बराड़ के बारे में ऐसा माना जाता है कि वह कनाडा में छिपा हुआ है। बराड़ को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने वांछित घोषित किया हुआ है।

बिश्नोई-बराड़ गिरोह मई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला और दिसंबर 2023 में करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में शामिल था।

ऐसा माना जाता है कि अभिनेता सलमान खान को धमकी देने और उनके घर के बाहर गोलीबारी की घटना में भी लॉरेंस का हाथ है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version