होम विदेश गोलाबारी, एक घायल लड़की और एक अस्पताल में निराशाजनक क्षण

गोलाबारी, एक घायल लड़की और एक अस्पताल में निराशाजनक क्षण

मारियुपोल, 28 फरवरी (भाषा) यूक्रेन के मारियुपोल शहर में रविवार को रूसी गोलाबारी में घायल हुई छह साल की एक बच्ची की जान बचाने के लिए एम्बुलेंस एक अस्पताल की ओर बेतहाशा दौड़ी थी। एक मेडिकल टीम उसे बचाने का भरपूर प्रयास कर रही थी । उस लड़की की मां एम्बुलेंस के पास खड़ी रो रही थी।

इस तरह के दर्दनाक दृश्य अस्पतालों के बाहर और सड़कों पर दिल दहला देते हैं । बंदरगाहों के शहर मारियुपोल में रूसी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए यूक्रेनवासी हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

अस्पताल के एक कर्मचारी ने चिल्लाया, ‘‘उसे (एम्बुलेंस से) बाहर निकालो। उसे बाहर निकालो। हम उसे बचा सकते हैं।’’

लड़की को अंदर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों और नर्स ने उसे चारों ओर से घेर लिया। एक ने उसे सूई लगायी। दूसरे ने उसे बचाने के लिए डिफाइब्रिलेटर का इस्तेमाल किया। एक नर्स रो रही थी। एक चिकित्सक उसे ऑक्सीजन चढ़ा रहा था। उस कमरे में एसोसिएटेड प्रेस के एक वीडियो जर्नलिस्ट को जाने की अनुमति दी गयी थी। उसके कैमरे की ओर देखते हुए डॉक्टर ने गुस्से में कहा, ‘‘इसे पुतिन को दिखाओ।’’

हालांकि इतनी मशक्कत के बावजूद लड़की को नहीं बचाया जा सका था। उस लड़की का नाम तत्काल नहीं पता चल सका। डॉक्टर ने उसकी आंखों को आहिस्ता से बंद कर दिया। उसका शव उसी कमरे में अकेले रह गया था, जिसे चमकीले रंग के पॉलीस्टर जैकेट से ढंक दिया गया। यह जैकेट भी अब खून से लथपथ हो चुका है।

एपी सुरेश उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version