होम देश खरगे के गढ़ में रैली के साथ कर्नाटक में भाजपा का चुनाव...

खरगे के गढ़ में रैली के साथ कर्नाटक में भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान शुरू करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

बेंगलुरु, 16 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर्नाटक में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गढ़ कलबुर्गी से करेंगे।

मोदी का अपराह्न दो बजे कलबुर्गी के एनवी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

दो बार कलबुर्गी (गुलबर्गा लोकसभा सीट) का प्रतिनिधित्व कर चुके खरगे 2019 के आम चुनाव में यहां भाजपा के उमेश जाधव से 95,452 मतों से हार गए थे। कई दशक के राजनीतिक करियर में उन्होंने पहली बार चुनावी हार का सामना किया था।

भाजपा ने एक बार फिर जाधव को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।

ऐसी अटकलें हैं कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खरगे आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे और कांग्रेस उनके दामाद व कारोबारी राधाकृष्ण डोड्डामणि को इस सीट से उम्मीदवार बना सकती है।

मोदी 18 मार्च को भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा के गृह जिले शिवमोगा में होंगे और अपराह्न दो बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

येदियुरप्पा के बेटे बी. वाई. राघवेंद्र शिवमोगा से मौजूदा सांसद हैं और पार्टी ने उन्हें इस बार भी उम्मीदवार बनाया है।

शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले येदियुरप्पा के दूसरे बेटे बी. वाई. विजयेंद्र भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हैं। भाजपा ने राज्य की 28 लोकसभा सीट में से 20 पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

मोदी के दौरे का विवरण साझा करते हुए, भाजपा की प्रदेश इकाई के महासचिव सुनील कुमार ने बुधवार को कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य नेता आने वाले दिनों में प्रचार के लिए विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

भाजपा की चुनावी तैयारियों के बारे में उन्होंने कहा, ‘हमने लोकसभा चुनाव के लिए 28 लोकसभा क्षेत्रों को आठ वर्गों में विभाजित किया है। उन आठ वर्गों में आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय राजनीतिक व भौगोलिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों व रणनीतियों पर काम किया जा रहा है।’

भाषा जोहेब अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version