होम देश मप्र:दलित लड़की को स्कूल जाने से रोका, सात लोग गिरफ्तार

मप्र:दलित लड़की को स्कूल जाने से रोका, सात लोग गिरफ्तार

शाजापुर (मप्र),26 जुलाई (भाषा) पुलिस ने एक नाबालिग दलित लड़की को स्कूल जाने से रोकने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय लोगों के एक समूह ने यह कह कर लड़की को स्कूल जाने से रोका कि अन्य लड़कियां भी स्कूल नहीं जाती हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बवालियाखेड़ी गांव में कथित घटना के बाद लड़की के परिवार और गिरफ्तार किए गए लोगों के परिवारों के बीच झगड़ा हुआ। इस घटना में कुछ लोग घायल हो गए।

कोतवाली थाना प्रभारी अवधेश कुमार शेषा ने शिकायत के हवाले से बताया कि घटना उस समय हुई जब अनुसूचित जाति समुदाय की 16 वर्षीय लड़की शनिवार दोपहर स्थानीय स्कूल से पढ़कर घर लौट रही थी।

उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने लड़की का रास्ता रोका, उसका बस्ता छीना और उससे स्कूल नहीं जाने को कहा। लोगों ने कहा कि गांव की अन्य लड़कियां भी स्कूल नहीं जाती हैं।

बाद में लड़की के परिवार के लोगों और आरोपियों के परिजनों के बीच इसी बात पर झड़प हुई।

उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद पुलिस ने भादंवि और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा शोभना प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version