होम देश सरकार ने कोविड से मौतों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से काफी अधिक...

सरकार ने कोविड से मौतों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से काफी अधिक होने की खबरें की खारिज

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक प्रकाशित अध्ययन पत्र पर आधारित मीडिया में आई उन खबरों को बृहस्पतिवार को खारिज कर दिया, जिनमें आरोप लगाया गया है कि भारत में कोविड-19 से हुई मौतों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से काफी अधिक है। मंत्रालय ने कहा कि ये खबरें भ्रामक और पूरी तरह से असत्य हैं।

मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड-19 से होने वाली मौत सहित अन्य कारणों से होने वाली मौतें दर्ज करने की एक मजबूत प्रणाली है और आंकड़ों का, ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक, शासन के विभिन्न स्तरों पर नियमित रूप से संकलन किया जाता है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘मौतों को पारदर्शी तरीके से नियमित आधार पर दर्ज किया जाता है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा स्वतंत्र रूप से इन्हें दर्ज किये जाने के बाद पूरे आंकड़ों का केंद्र द्वारा संकलन किया जाता है। ’’

बयान में कहा गया है, ‘‘यह कहना कि कोविड से हुई मौतों की संख्या कम दर्ज की गई, बेबुनियाद और औचित्यहीन है। ’’

मंत्रालय ने कहा कि एक प्रकाशित अध्ययन पत्र के आधार पर मीडिया में आई कुछ खबरों में आरोप लगाया गया है कि भारत में कोविड से होने वाली मौतों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से काफी अधिक है।

अध्ययन में अनुमान व्यक्त किया गया है कि देश में नवंबर 2021 की शुरूआत तक कोविड से मरने वालों की संख्या 4.6 लाख के आधिकारिक आंकड़ों की तुलना में 32 लाख से 37 लाख के बीच थी।

मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘मीडिया में आई इसी तरह की खबरों को लेकर जैसा कि पहले कहा गया था और एक बार फिर से स्पष्ट किया जाता है कि ये खबरें भ्रामक और पूरी तरह से असत्य हैं। वे तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और अटकलबाजी हैं। ’’

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version