होम देश प्रभावी प्रशासन और जन-केंद्रित नीतियां समाज के विकास का आधार हैं: लोकसभा...

प्रभावी प्रशासन और जन-केंद्रित नीतियां समाज के विकास का आधार हैं: लोकसभा अध्यक्ष

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जन केंद्रित शासन व्यवस्था लोक सेवकों के महत्वपूर्ण दायित्वों को रेखांकित करते हुए बुधवार को कहा कि प्रभावी प्रशासन व जन-केंद्रित नीतियां समाज के विकास का आधार हैं और यह युवा अधिकारियों की निष्ठा और सामर्थ्य से ही संभव हैं।

बिरला ने संसद भवन परिसर में संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) द्वारा आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम में भारतीय रेल कार्मिक सेवा तथा भारतीय राजस्व सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सिविल सेवा का मूल आधार सुशासन है तथा शिक्षण, प्रशिक्षण, दृढ़ संकल्प, व्यापक अनुभव एवं दायित्वबोध सकारात्मक परिवर्तन और जनसेवा के लिए आवश्यक हैं।

लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, लोकतंत्र में शासन व्यवस्था के बारे में बिरला ने कहा कि जन केंद्रित शासन व्यवस्था लोक सेवकों का महत्वपूर्ण दायित्व है और प्रभावी प्रशासन और जन-केंद्रित नीतियां समाज के विकास का आधार हैं जो युवा अधिकारियों की निष्ठा और सामर्थ्य से ही संभव है।

देश के विकास में नई प्रौद्योगिकी और तकनीक के उपयोग पर ज़ोर देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनसेवा और देशसेवा के लिए नई सोच और सार्थक विचार आवश्यक हैं और इसकी जिम्मेदारी युवा अधिकारियों के कंधों पर है।

बिरला ने युवा अधिकारियों को सलाह दी कि वे सूचना प्रौद्योगिकी का उचित उपयोग करें, जिससे आम जनजीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

अमृत काल से स्वर्ण काल की दिशा में देश के बढ़ते कदमों में युवा भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि भारत वर्ष 2047 में विश्व का नेतृत्व करेगा जिसके कारण आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं।

भाषा दीपक दीपक पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version