होम देश आदिवासी बहुल क्षेत्रों के रेलवे स्टेशन पर संथाली में घोषणाएं किए जाने...

आदिवासी बहुल क्षेत्रों के रेलवे स्टेशन पर संथाली में घोषणाएं किए जाने की मांग

जमशेदपुर (झारखंड), दो नवंबर (भाषा) आदिवासियों के एक प्रमुख संगठन ने मांग की है कि पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के आदिवासी बहुल इलाकों के रेलवे स्टेशन पर संथाली भाषा में घोषणाएं की जाएं।

आदिवासी सेंगेल अभियान (एएसए) के अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को लिखे एक पत्र में कहा कि संथाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची के तहत मान्यता मिली हुई है और यह असम, अरुणाचल प्रदेश, बंगाल, बिहार, ओडिशा, त्रिपुरा और झारखंड के कई क्षेत्रों में बोली जाती है।

मुर्मू ने कहा कि उन्होंने रेल मंत्री से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि इन स्टेशन पर सभी घोषणाएं संथाली भाषा में की जाएं और यह समुदाय के लिए बहुत उपयोगी होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में सभी क्षेत्रों में सभी क्षेत्रीय भाषाओं और मातृभाषाओं को बढ़ावा दिए जाने पर जोर दिया था। उन्होंने मंत्री से इन क्षेत्रों के रेलवे अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जरूरी निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version