होम देश दिल्ली : भारी बारिश से पेड़ उखड़े, कारें क्षतिग्रस्त, 70 उड़ानों में...

दिल्ली : भारी बारिश से पेड़ उखड़े, कारें क्षतिग्रस्त, 70 उड़ानों में विलंब

नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में सोमवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से कई कारें क्षतिग्रस्त हो गयी, सड़कों पर जाम लग गया, कई पेड़ उखड़ गए और बिजली गुल हो गयी। बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव भी हो गया।

राष्ट्रीय राजधानी में आंधी के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम पांच उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया और 70 उड़ानों में विलंब हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण दिल्ली से रवाना होने वाली कम से कम 40 और यहां आने वाली 30 उड़ानों में विलंब हुआ। यहां आने वाली कम से कम पांच उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक 17.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। सोशल मीडिया पर पोस्ट वीडियो में तेज हवाओं के कारण कारों को हिलते हुए देखा जा सकता है।

बारिश के बाद पेड़ उखड़ने के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

पश्चिमी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा की कार भी क्षतिग्रस्त हो गयी। विंडसर प्लेस में उनके आधिकारिक आवास पर खड़ी कार पर पेड़ गिर गया।

एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘शाम सवा सात बजे तक पेड़ गिरने और शाखाएं टूटने के बारे में कुल 101 शिकायतें मिली। जिन इलाकों में ऐसी घटनाओं की खबर मिली है वहां रास्ता साफ करने का काम चल रहा है। भगवान दास रोड, कनॉट प्लेस, एसपी मार्ग समेत कई इलाकों को पहले ही साफ कर दिया गया है।’’

एक कार पर धातु का एक टुकड़ा गिरने से वह क्षतिग्रस्त हो गयी। कनॉट प्लेस में पेड़ उखड़ने से एक अन्य कार के फंसने का वीडियो भी सोशल मीडिया में आया है।

अधिकारियों ने बताया कि जामिया मिलिया इस्लामिया के भीतर भी कई पेड़ उखड़ गए हैं और इमारत की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

भारी बारिश और तेज हवाओं से विभिन्न स्थानों पर दिल्ली सरकार द्वारा लगाए राष्ट्रध्वज भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

गोल मार्केट इलाके में भाई वीर सिंह मार्ग और संसद मार्ग थाने के समीप भी पेड़ उखड़ गए, जिससे यातायात बाधित हुआ। कस्तूरबा गांधी मार्ग पर पेड़ उखड़ने से वहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गयी।

राजधानी के साउथ एक्सटेंशन बाजार में खंभों से वाहनों को नुकसान पहुंचने जबकि विजय चौक पर दिल्ली यातायात पुलिस बूथ के तेज हवाओं के कारण गिरने की तस्वीरें भी सामने आयी हैं।

सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उन स्थानों की तस्वीरें दिल्ली यातायात पुलिस के साथ साझा की है, जहां पेड़ उखड़ गए हैं। दिल्ली पुलिस ने भी लोगों को आश्वासन दिया है कि उनकी शिकायतों का निवारण किया जाएगा।

हवा इतनी तेज थी कि संसद मार्ग पर एक इमारत में लगा एअर कंडीशनर गिर गया, जिससे कारों और ऑटो रिक्शा को नुकसान पहुंचा है।

ऐतिहासिक जामा मस्जिद का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि मस्जिद की एक मीनार और अन्य हिस्सों से पत्थर टूटकर गिरने से दो लोग घायल हो गए।

दिल्ली दमकल सेवा के अनुसार, मकान गिरने की आठ सूचनाएं मिली हैं और उनके वाहन घटनास्थल पर गए हैं।

आईटीओ, एम्स फ्लाईओवर, डीएनडी के समीप यातायात बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। राष्ट्रीय राजधानी में विभिन्न इलाकों से जलभराव की भी खबरें आयी हैं।

दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘रेलवे अंडरपास पुल प्रह्लादपुर में जल भराव के कारण एमबी रोड पर यातायात बाधित हुआ है। कृपया इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें।’’

जय सिंह मार्ग पर भारी जाम में फंसे ऑटो चालक महेश कुमार ने कहा, ‘‘मैंने उच्च न्यायालय से यात्रा शुरू की थी। अशोक रोड पर पेड़ गिरने से वहां यातायात जाम देखने के बाद मैंने जय सिंह मार्ग पर पहुंचने के लिए कई अन्य रास्ते लिए लेकिन पिछले डेढ़ घंटे से फंसा हुआ हूं। मैं जिस भी रास्ते पर गया, वहां मैंने यातायात जाम देखा।’’

एक अन्य यात्री विनय यादव ने कहा कि वे जय सिंह मार्ग पर करीब दो घंटे तक फंसे रहे।

भाषा

गोला अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version