होम देश हिजाब विवाद के पीछे कांग्रेस की मानसिकता: कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष

हिजाब विवाद के पीछे कांग्रेस की मानसिकता: कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष

बेंगलुरु, 10 फरवरी (भाषा) कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हिजाब पर विवाद के पीछे की मानसिकता कांग्रेस द्वारा पैदा की गई है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के ‘टूलकिट’ का एक हिस्सा है कि और दुनिया में भारत की छवि खराब कर पेश करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार पर भी निशाना साधा और उन पर झूठ फैलाने तथा लोगों को भड़काने का आरोप लगाया। कतील ने एक वीडियो संदेश में कहा, “कांग्रेस के टूलकिट के जरिये दुनिया में भारत की छवि खराब कर पेश करने को कोशिश की जा रही है। यह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की एक साजिश है।”

उन्होंने कहा कि हिजाब पर उपजे विवाद के पीछे कांग्रेस की मानसिकता है और यह ‘खतरनाक’ है। शिवकुमार पर राज्य के लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कतील ने कहा, “यह उनके टूलकिट का एक हिस्सा है और उनका यह बयान कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हटाकर भगवा झंडा लहराया गया, सच्चाई से कोसों दूर है।”

उन्होंने कहा कि भगवा झंडा एक खाली खंबे पर लगाया गया था न कि राष्ट्रीय ध्वज को हटाकर। दक्षिण कन्नड़ जिले से सांसद कतील, शिवकुमार के उस दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि मंगलवार को शिवमोगा में हिजाब विरोधी प्रदर्शन के दौरान एक सरकारी कॉलेज में छात्रों ने तिरंगा हटाकर भगवा ध्वज लगा दिया था।

शिवमोगा के कॉलेज के अधिकारियों और पुलिस ने भी इसकी पुष्टि की है कि राष्ट्रीय ध्वज को हटाकर भगवा झंडा नहीं लगाया गया था।

भाषा यश उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version