होम देश ओडिशा में एक दागी पुलिस अधिकारी को किया गया जबरन सेवानिवृत, अबतक...

ओडिशा में एक दागी पुलिस अधिकारी को किया गया जबरन सेवानिवृत, अबतक 152 पर गिरी गाज

भुवनेश्वर, 21 फरवरी (भाषा) ओडिशा सरकार ने सोमवार को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के लिए अनिवार्य सेवानिवृति आदेश जारी किया जिसे भ्रष्टाचार के आरोप में हाल में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था । अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उनके अनुसार सर्तकता विभाग ने अवर पुलिस अधीक्षक (संचार) तृनाथ मिश्रा को नौ करोड़ रूपये की संपत्ति कथित रूप से अर्जित करने एवं आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति को लेकर हाल में गिरफ्तार किया था। मिश्रा की संपत्ति में एक करोड़ रूपये से अधिक मूल्य की लक्जरी कारों एवं मोटरसाइकिलों का बेड़ा शामिल है।

जेल में बंद मिश्रा से जबरन सेवानिवृति एवं अन्य संबद्ध विषयों पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं किया जा सका।

मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि सरकार ने भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की अपनी नीति के तहत यह कार्रवाई की है।

सतर्कता विभाग के जांच दलों ने कटक, खुर्दा, जाजपुर और नबरंगपुर जिलों में 11 स्थानों पर छापा मारा जहां मिश्र की संपत्तियां हैं।

इसी के साथ, 2019 से बर्खास्त कर दिये गये या अनिवार्य रूप से सेवानिवृत कर दिये गये अधिकारियों की संख्या 152 हो गयी है। सोलह फरवरी को ओडिशा सरकार ने भ्रष्टाचार एवं अकार्यकुशलता के आरोप में पांच अधिकारियों को जबरन सेवानिवृत कर दिया था।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version