होम देश सिक्किम के लोगों ने पूर्व चोग्याल को उनकी 99वीं जयंती पर श्रद्धांजलि...

सिक्किम के लोगों ने पूर्व चोग्याल को उनकी 99वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी

गंगटोक, 22 मई (भाषा) सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद और पूर्व राजकुमार पाल्देन नामग्याल सहित कई लोगों ने सिक्किम के आखिरी चोग्याल (राजा) पाल्देन थोंडुप नामग्याल को रविवार को उनकी 99वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पश्चिमी सिक्किम स्थित पेमेंग्त्से मठ में भिक्षुओं ने पारंपरिक अनुष्ठान ‘सोलडेप’ किया। वहीं, राज्यपाल ने देवराली स्थित नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी के स्मारक पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम में शताब्दी बैज जारी किया।

नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी चोग्याल का शताब्दी समारोह मना रहा है और इसके तहत 22 मई 2023 तक अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शताब्दी समारोह समिति के उपाध्यक्ष पीडब्ल्यू रिनजिंग ने कहा, ‘‘हम सिक्किम में सबसे अधिक समय तक शासन करने वाले शासक के सम्मान में शताब्दी समारोह आयोजित कर रहे हैं। वह 12वें चोग्याल थे।’’

इस समिति की अध्यक्षता राज्यपाल कर रहे हैं और करीब 33 अलग-अलग सामाजिक संगठन व संघ पूरे साल चलने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

उल्लेखनीय है कि दिवंगत पाल्देन थोंडुप नामग्याल ने पिता सिर ताशी नामग्याल के निधन के बाद वर्ष 1965 में गद्दी संभाली थी। उन्होंने इस छोटे से हिमालीय राज्य पर वर्ष 1975 में राजशाही को खत्म किए जाने के लिए हुए जनमत संग्रह और भारत में उसके विलय तक शासन किया था।

कलीमपोंग स्थित सेंट जोसफ और शिमला स्थित बिशप कॉटन स्कूल के पूर्व छात्र थोंडुप नामग्याल ने कहा कि उन्होंने अपने पिता की वर्ष 1949 में भारत के साथ सिक्किम को उसका संरक्षित राज्य बनाने के लिए हुई बातचीत में सहायता की थी। यह समझौता चीन द्वारा तिब्बत पर किए गए कब्जे से कुछ समय पहले ही हुआ था।

भाषा धीरज पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version