होम देश राहुल गांधी रायबरेली से, उनके करीबी किशोरी लाल शर्मा अमेठी सीट से...

राहुल गांधी रायबरेली से, उनके करीबी किशोरी लाल शर्मा अमेठी सीट से लड़ेंगे लोकसभा चुनाव

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली/अमेठी, तीन मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की उस रायबरेली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे जिससे उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से चुनाव जीतती आई हैं।

पार्टी ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि गांधी परिवार के करीबी माने जाने किशोरी लाल शर्मा को अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया है। शर्मा गांधी परिवार की गैर-मौजूदगी में इन दोनों प्रतिष्ठित निर्वाचन क्षेत्रों का काम-काज संभालते रहे हैं।

किशोरी लाल शर्मा ने गौरीगंज कांग्रेस कार्यालय में पीटीआई-भाषा से कहा, ”मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं और एक सेवक को गांधी परिवार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं निभाऊंगा।’’

शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”मैं सेवक हूं और सेवक ही रहूंगा तथा यह सत्य है कि अमेठी में जंग एक भक्त और एक सेवक के बीच होगी…।’’

अमेठी से भाजपा ने स्मृति ईरानी को टिकट दिया है। ईरानी पहले ही अमेठी से अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं।

राहुल गांधी 2004 से लगातार तीन बार अमेठी निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने गए थे। वह 2019 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। वह वर्तमान में केरल के वायनाड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने इस सीट पर 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इस बार भी राहुल वायनाड से चुनाव मैदान में हैं।

राहुल गांधी और शर्मा शुक्रवार को क्रमश: रायबरेली और अमेठी से अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इन दोनों सीट पर सात चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होगा, जिसके लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन शुक्रवार यानी आज है।

राहुल गांधी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले अपनी मां सोनिया गांधी, बहन प्रियंका गांधी वाद्रा और बहनोई रॉबर्ट वाद्रा के साथ शुक्रवार को अमेठी के फुरसतगंज हवाईअड्डे पर पहुंचे। उनके साथ राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी थे।

नामांकन दाखिल करने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी रायबरेली जाएंगे।

कांग्रेस ने शुक्रवार को तड़के इन दोनों सीट पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।

राहुल गांधी रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे जिस पर उनकी मां सोनिया गांधी, उनकी दादी इंदिरा गांधी और उनके दादा फिरोज गांधी ने जीत हासिल की थी।

इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व गांधी-नेहरू परिवार के सदस्यों के अलावा उनके मित्रों ने भी किया है।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने एक संदेश में शर्मा को एक ऐसा समर्पित कार्यकर्ता बताया जिन्होंने हमेशा पूरी लगन से अमेठी और रायबरेली के लोगों की सेवा की है।

प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में लिखा, ‘‘किशोरी लाल शर्मा जी से हमारे परिवार का वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वह हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है।’’

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज खुशी की बात है कि किशोरी लाल जी को कांग्रेस पार्टी ने अमेठी से उम्मीदवार बनाया है। किशोरी लाल जी की निष्ठा और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अवश्य ही उन्हें इस चुनाव ने सफलता दिलाएगा। ढेर सारी शुभकामनाएं।’’

इन दोनों सीट से परंपरागत रूप से गांधी-नेहरू परिवार के सदस्य जीतते आए हैं। ऐसे में इन सीट से संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर पार्टी में बृहस्पतिवार से ही विचार-विमर्श जारी था।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को दिनेश प्रताप सिंह को रायबरेली से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। सिंह को 2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया गांधी से हार का सामना करना पड़ा था।

गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में बृहस्पतिवार देर शाम राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के पोस्टर और बैनर भी लाए गए।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के नेताओं ने गांधी परिवार से आग्रह किया गया था कि दोनों सीट से वह चुनाव लड़े।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version