होम देश राष्ट्रीय अभिलेखागार ने रफी अहमद किदवई का निजी कागज-पत्र संग्रह प्राप्त किया

राष्ट्रीय अभिलेखागार ने रफी अहमद किदवई का निजी कागज-पत्र संग्रह प्राप्त किया

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार (एनएआई) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रफी अहमद किदवई का निजी कागज-पत्र संग्रह हासिल कर लिया है, जिसमें देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे कई प्रतिष्ठित नेताओं के साथ उनके मौलिक पत्राचार शामिल हैं।

संस्कृति मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के अपर सचिव फैज अहमद किदवई ने ये कागजात रफी अहमद किदवई के छोटे भाई हुसैन कामिल किदवई की बेटी ताजीन किदवई और सारा मनाल किदवई की उपस्थिति में भारतीय राष्‍ट्रीय अभिलेखागार (एनएआई) के महानिदेशक को सौंपे।

भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार भारत सरकार के अभिलेखों का संरक्षक है और सार्वजनिक रिकॉर्ड अधिनियम 1993 के प्रावधान के अनुसार प्रशासकों और शोधकर्ताओं के उपयोग के लिए उन्हें अपने पास संरक्षित रखता है।

एनआईए ने बताया कि उसने रफी अहमद किदवई का निजी कागज-पत्र संग्रह प्राप्त किया है जिसमें नेहरू, पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पी डी टंडन जैसे कई प्रतिष्ठित नेताओं के साथ किदवई के मूल पत्राचार शामिल हैं।

बयान में कहा गया कि रफी अहमद किदवई जीवंतता, प्रतिभा एवं आकर्षक व्यक्तित्‍व के धनी थे और उन्‍होंने देश की स्‍वतंत्रता के लिए अपने निरंतर प्रयासों को जारी रखा तथा हर प्रकार की सांप्रदायिकता एवं अंधविश्वासों का खंडन किया।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version