होम देश एकेडमी म्यूजियम ‘आरआरआर’, ‘लगान’ के गीतों के साथ भारतीय सिनेमा के संगीत...

एकेडमी म्यूजियम ‘आरआरआर’, ‘लगान’ के गीतों के साथ भारतीय सिनेमा के संगीत का जश्न मनाएगा

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी | एएनआई
इसरो वैज्ञानिक एन. वलारमथी | ट्विटर/@DrPVVenkitakri1

नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) एकेडमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स 18 मई को लॉस एंजिल्स के डेविड गेफेन थिएटर में भारतीय सिनेमा के संगीत के सम्मान में खास कार्यक्रम आयोजित करने जा रहा है, जिसमें ‘आरआरआर’, ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ और ‘लगान’ फिल्म के उम्दा संगीत का जश्न मनाया जाएगा।

एकेडमी म्यूजियम की आधिकारिक वेबसाइट पर कार्यक्रम के बारे में कहा गया, ‘‘बेहतरीन फिल्म ‘लगान’(2001), ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ (2008), ‘आरआरआर’ (2022) के संगीत के साथ भारतीय सिनेमा और एकेडमी अवॉर्ड के इतिहास का जश्न मनाने के लिए हमारे संग शामिल हों।’’

इसमें कहा गया, ‘‘इस कार्यक्रम में इन तीनों फिल्मों के संगीत के जरिए तैयार की गई खास प्रस्तुति पेश की जाएगी। ये प्रत्येक फिल्म न सिर्फ अपने सिनेमाई उत्कृष्टता के लिए बल्कि संगीत के लिए पहचानी जाती हैं। यही वजह है कि इन्होंने दुनियाभर के दर्शकों में अपनी अलग छाप छोड़ी है।’’

बयान में कहा गया कि इस कार्यक्रम में बॉलीपॉप और सदुबास द्वारा तबला और नृत्य का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

एस.एस. राजामौली की ‘आरआरआर’ फिल्म 1920 के दशक में दो भारतीय क्रांतिकारियों के वास्तविक जीवन के इर्द-गिर्द बुनी गई स्वतंत्रता-पूर्व काल्पनिक कहानी पर आधारित है। दुनियाभर में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली इस फिल्म को तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल गीत की श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड मिला था।

आशुतोष गोवारिकर द्वारा निर्देशित और आमिर खान द्वारा अभिनीत ‘लगान’ आखिरी भारतीय फिल्म थी जिसने ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा श्रेणी (अब सर्वश्रेष्ठ अंतराष्ट्रीय फिल्म) में अंतिम पांच नामांकन में जगह बनाई थी, लेकिन 2001 में यह ‘नो मैन्स लैंड’ से हार गई।

मुंबई पर फिल्माई गई ‘‘स्लमडॉग मिलेनियर’ एक ब्रिटिश प्रोडक्शन की फिल्म थी जिसका निर्देशन डैनी बॉयल ने किया। वर्ष 2008 रिलीज हुई इस फिल्म ने आठ श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किए थे जिनमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, निर्देशक शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ मूल गीत के लिए ए.आर. रहमान और गुलजार को भी अवॉर्ड मिला। रहमान ने सर्वश्रेष्ठ मूल संगीत के लिए भी एक और ऑक्सर अवॉर्ड अपने नाम किया था।

इसी फिल्म के लिए भारत के रसूल पोकुट्टी को साउंड मिक्सिंग श्रेणी में रिचर्ड प्राइके और इयान टैप के साथ साझा अवॉर्ड मिला था।

भाषा खारी माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

Exit mobile version