नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ियों युकी भांबरी और सुमित नागल के लिए गुरुवार को लगभग 30 लाख रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत की, जबकि इस साल होने वाले एशियाई खेलों और डेविस कप के मुकाबलों की पुख्ता तैयारियों के लिए उदीयमान खिलाड़ी दक्षिणेश्वर सुरेश को टारगेट एशियाई खेल ग्रुप (टीएजीजी) में शामिल किया गया।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के अंतर्गत आने वाले एमओसी की 169वीं बैठक के दौरान यह मंजूरी दी गई।
वर्तमान में युगल में विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज भांबरी को फरवरी और सितंबर 2026 के बीच अभ्यास और प्रतियोगिता कार्यक्रम के लिए 28.89 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।।
इस धनराशि में 33 सप्ताह के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में एटीपी और ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में भांबरी की भागीदारी के साथ-साथ पेशेवर अभ्यास से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।
भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी नागल को मार्च से अक्टूबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभ्यास और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए 27.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
एमओसी ने दक्षिणेश्वरर को टीएजीजी में शामिल करने की भी सिफारिश की। इसके लिए एशियाई खेलों में भारत के लिए एक मजबूत एकल और युगल विकल्प के रूप में उनकी क्षमता का हवाला दिया गया।
इस युवा खिलाड़ी ने विश्व रैंकिंग में शीर्ष 200 में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ छह मैच जीते हैं। उन्होंने फरवरी में नीदरलैंड के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर में भारत की जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी।
दक्षिणेश्वर को जोड़ने के बाद टीएजीजी में शामिल टेनिस खिलाड़ियों की संख्या 12 हो गई है।
भाषा
पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
