scorecardresearch
Monday, 8 June, 2026
होमखेलफुलमाली, श्रेयंका, राधा के दम पर भारत ने महिला टी20 अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज को हराया

फुलमाली, श्रेयंका, राधा के दम पर भारत ने महिला टी20 अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज को हराया

Text Size:

कार्डिफ, आठ जून (भाषा) भारती फुलमाली, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने महिला टी20 विश्व कप के अपने पहले अभ्यास मैच में सोमवार को यहां वेस्टइंडीज को 26 रन से हराया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम आठ विकेट पर 153 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज की ओर से डियांड्रा डॉटिन ने सर्वाधिक 49 रन बनाए।

डॉटिन ने 44 गेंदों की पारी में आठ चौके लगाए, लेकिन टीम उनके और शेमेन कैंपबेल ( 25) के बीच पहले विकेट के लिए नौ ओवर में 63 रन की साझेदारी का फायदा नहीं उठा सकी।

वेस्टइंडीज की टीम 11 ओवर तक दो विकेट पर 81 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद अच्छी वापसी करते हुए लगातार अंतराल पर विकेट चटकाये।

भारत ने इस मुकाबले में केवल छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया। श्रेयंका पाटिल ने चार ओवर में 36 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि राधा यादव ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

भारत अब अपने अंतिम अभ्यास मैच में मेजबान इंग्लैंड से भिड़ेगा। हाल ही में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय टीम विश्व कप में अपने अभियान का आगाज 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ करेगी।

इससे पहले भारतीय पारी में भारती फुलमाली ने 40 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज उनका अपेक्षित साथ नहीं दे सके।

भारतीय टीम की छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। ऋचा घोष पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट गईं जबकि तीसरे नंबर पर उतरी जेमिमा रोड्रिग्स ने सात रन बनाए।

भारत को सलामी बल्लेबाजों स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले के भीतर पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े।

शेफाली ने 13 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए, जबकि स्मृति ने 23 गेंदों पर आठ चौकों के सहारे 39 रन की तेज पारी खेलकर आगामी विश्व कप से पहले अपनी शानदार लय के संकेत दिए।

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी यास्तिका भाटिया 26 गेंदों में छह चौकों की मदद से 36 रन बनाने के बाद रिटायर्ड आउट हो गईं।

वेस्टइंडीज की ओर से अफी फ्लेचर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments