नई दिल्ली: बिहार में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से 15 मार्च को पटना में मैराथन का आयोजन किया जाएगा. पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने प्रेस वार्ता में कहा कि “नशा मुक्त बिहार” के संदेश के साथ आयोजित यह मैराथन जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा.
विभाग के आयुक्त अंशुल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष मैराथन में देशभर से करीब 10 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है. दौड़ चार श्रेणियों—फुल मैराथन, हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर—में आयोजित होगी. इसकी शुरुआत और समापन गांधी मैदान में होगा.
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए हर किलोमीटर पर एड स्टेशन बनाए जाएंगे. आयोजन में 30 डॉक्टर, पारामेडिकल स्टाफ और 20 फिजियोथेरेपिस्ट तैनात रहेंगे. विजेताओं को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि सभी प्रतिभागियों को मेडल और रिफ्रेशमेंट प्रदान किए जाएंगे.
