सिंगरौली: मोहन यादव ने शुक्रवार को सिंगरौली दौरे के दौरान सादगी और मितव्ययता की मिसाल पेश की. मुख्यमंत्री सिंगरौली पहुंचने के बाद जनप्रतिनिधियों के साथ टूरिस्ट बस में बैठकर एनसीएल ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे. इस दौरान उन्होंने अपना पूरा काफिला त्याग दिया.
मुख्यमंत्री के साथ बस में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और कई विधायक मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के इस कदम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता और सादगी की अपील से जोड़कर देखा जा रहा है.
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की पहचान केवल प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था से नहीं, बल्कि जनता से जुड़ाव और सेवा भावना से होती है. मुख्यमंत्री का यह सहज अंदाज लोगों को काफी पसंद आया. सरकार ने इसे जनसेवा, अनुशासन और सादगी आधारित राजनीतिक संस्कृति का उदाहरण बताया है.