पटना: गोपालगंज जिले के सासामूसा चीनी मिल से जुड़े करीब 14 हजार गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में किसानों के बकाया ईख मूल्य के भुगतान के लिए 42.99 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं.
सरकार का कहना है कि इस फैसले से वर्षों से भुगतान का इंतजार कर रहे किसानों को उनका बकाया मिलेगा. साथ ही बंद पड़ी सासामूसा चीनी मिल को दोबारा शुरू करने और राज्य में 500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का रास्ता भी साफ होगा.
कैबिनेट की मंजूरी के बाद किसानों को उनके बकाये का भुगतान किया जाएगा. सरकार को उम्मीद है कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी और वे फिर से गन्ने की खेती की ओर लौटेंगे. गन्ना उत्पादन बढ़ने से चीनी मिल के दोबारा संचालन की संभावना भी मजबूत होगी.
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करना और नई मिलों की स्थापना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
मंत्री ने कहा कि NCLT में लंबित मामलों के समाधान और मिलों के संचालन के लिए सरकार कानूनी प्रक्रिया के तहत लगातार काम कर रही है. सासामूसा चीनी मिल के किसानों का बकाया भुगतान सरकार की प्राथमिकता में था और कैबिनेट की मंजूरी के बाद जल्द ही किसानों के खातों में राशि भेजी जाएगी.
उन्होंने कहा कि इस फैसले से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और मिल के शुरू होने पर गोपालगंज तथा आसपास के क्षेत्रों में रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.