देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड अपने नाम करने जा रहे हैं. इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके कार्यकाल को “कर्मयोगी का युग” बताया.
10 जून को प्रधानमंत्री मोदी लगातार 4,399 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का आंकड़ा पूरा करेंगे. इसके साथ ही वह पहले आम चुनाव के बाद लगातार 4,398 दिन तक प्रधानमंत्री रहने वाले पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे. इसे भारतीय राजनीति के इतिहास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा में रहकर देश को नई दिशा दी है.
धामी ने कहा, “आज ऐतिहासिक दिन है. मोदी जी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं. वह स्वतंत्रता के बाद सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. यह 12 साल एक कर्मयोगी और तपस्वी का युग है, जिन्होंने मां भारती को शिखर तक पहुंचाने के लिए बिना एक पल रुके लगातार काम किया है.”
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा और सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है.
धामी ने कहा, “12 वर्षों में भारत का गौरव और सम्मान बढ़ा है. पूरे उत्तराखंड की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देता हूं.”