लखनऊ, सात अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति-पांच” अभियान के तहत राज्य भर में पुलिस ने साढ़े आठ लाख वाहनों की जांच की और नौ हजार से अधिक वाहनों से काली फिल्म हटाई। मंगलवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए गाड़ियों की काली फिल्म हटाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया है। यह अभियान 22 सितंबर से प्रदेश में चलाया गया, जो वर्तमान में भी चल रहा है।
वहीं 22 सितंबर से एक अक्टूबर तक साढ़े आठ लाख से अधिक वाहनों की जांच की गयी। इसके साथ ही उच्च अधिकारियों पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, उप महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी द्वारा अपनी टीम के साथ पैदल गश्त की गयी।
मिशन शक्ति अभियान की नोडल अधिकारी अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पद्मजा चौहान ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों द्वारा सड़क पर गाड़ियों की जांच की गयी। इस दौरान गाड़ियों की काली फिल्म को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इस दौरान 71,473 स्थानों की 24,457 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा 8,50,182 वाहनों की जांच की गयी। अब तक 9,488 काली फिल्में हटाई जा चुकी हैं। इसके अलावा 2,817 हूटर और 1,087 बत्तियां भी हटाई गई हैं।
चौहान ने कहा कि यह कदम सड़क पर अपराधों को रोकने और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके साथ ही, गलत स्थान पर पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ 18,215 चालान भी किए गए हैं, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और सड़क पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से वाहन पर शासकीय और जाति सूचक शब्दों के इस्तेमाल पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है और 14,504 ऐसे मामले सामने आए हैं।
एडीजी ने बताया कि वाहन नियमों का उल्लंघन करने पर 1,93,829 वाहनों का चालान किया गया है, जबकि 3,654 वाहनों को सीज भी किया गया है। कुल 251 पंजीकृत अभियोगों के साथ-साथ 450 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, जो यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।
इसके अलावा ‘स्टंटबाजों’ के लिखाफ भी कड़ी कार्रवाई की गयी। अभियान के दौरान 770 ‘स्टंटबाजी’ के मुकदमे दर्ज किये गये जबकि 263 स्टंटबाजों को गिरफ्तार किया गया।
भाषा
आनन्द रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
