scorecardresearch
Monday, 15 December, 2025
होमदेशटीवीके ने विजय को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया

टीवीके ने विजय को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया

Text Size:

चेन्नई, पांच नवंबर (भाषा) अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की विशेष आम परिषद की बैठक में उन्हें (विजय) अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।

इसके अलावा टीवीके ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के गठबंधन पर फैसला लेने के लिए विजय को ही अधिकृत किया है।

टीवीके की विशेष बैठक अभिनेता विजय के नेतृत्व में बुधवार को यहां महाबलीपुरम के एक निजी होटल में आयोजित की गई। विजय इस बैठक में भाग लेने सफेद शर्ट पहन कर अपने विशिष्ट दाढ़ी वाले लुक में आये।

टीवीके की आम परिषद की बैठक में श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की बार-बार की जाने वाली गिरफ्तारी, राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित विभिन्न मुद्दों पर कुल 12 प्रस्ताव पारित किए गए।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि विधानसभा चुनावों के मद्देनजर गठबंधन पर निर्णय लेने के लिए टीवीके संस्थापक को अधिकृत करने वाला प्रस्ताव आम परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

टीवीके की बैठक में पारित प्रस्ताव के मुताबिक, ‘‘समाज के सभी वर्गों के प्रिय, विजय मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। उनके नेतृत्व में, 2026 के विधानसभा चुनावों का सामना किया जाएगा और चुनावी गठबंधन के संबंध में सभी निर्णय लेने का अधिकार उन्हें दिया गया है।’’

अभिनेता से राजनीतिक नेता बने विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम की करूर में 27 सितंबर को रैली में हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी।

टीवीके की आम परिषद की बैठक में सदस्यों ने घटना में मारे गए लोगों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा।

अन्य मांगों के अलावा टीवीके ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रोकने की भी मांग की।

विजय ने पार्टी के संबंध में भविष्य के निर्णय लेने के लिए यह बैठक बुलाई थी।

टीवीके ने तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments