लखनऊ, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ब्रजेश पाठक ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा हमेशा से लोकतंत्र के विरोध में रही है।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान में पाठक ने कहा कि आज वही सपा कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सत्ता पाने की साजिश कर रही है और यह वही कांग्रेस है जिसने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र को कुचला था।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव जिस कांग्रेस के साथ मंच साझा कर रहे हैं, उसी कांग्रेस ने जयप्रकाश नारायण जी जैसे लोकतंत्र के प्रहरी को जेल में डाला था।
उन्होंने यादव पर तंज किया, “एक तरफ आप जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हैं, दूसरी तरफ उन्हीं को जेल भेजने वालों से गठबंधन करते हैं, यह राजनीतिक पाखंड है।”
पाठक ने कहा कि सपा को लोकतंत्र या संविधान से कोई लेना-देना नहीं है, उसका मकसद केवल सुर्खियां बटोरना और सत्ता की कुर्सी पर बैठना है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति परिवारवाद और स्वार्थवाद पर आधारित है, जबकि भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज की पार्टी है, जो बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान के अनुरूप काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयप्रकाश नारायण जी की जयंती भाजपा पूरे देश और दुनिया में मना रही है, क्योंकि आपातकाल के दौरान सबसे अधिक जनसंघ और आरएसएस के कार्यकर्ता जेलों में बंद किए गए थे।
उन्होंने कहा कि कई समाजवादी भी जेल भेजे गए थे, लेकिन सपा आज उनका त्याग भुलाकर कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता की सौदेबाजी कर रही है।
भाषा आनन्द राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
