scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशलोगों ने मोदी, आदित्यनाथ पर भरोसा जताया है: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

लोगों ने मोदी, आदित्यनाथ पर भरोसा जताया है: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री

Text Size:

अगरतला, 10 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच राज्यों में से चार में शानदार प्रदर्शन पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास जताया है।

देब ने उनाकोटी जिले के स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि लाभ के लिए राजनीति में शामिल लोगों को मतदाताओं ने खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन हुआ था और कुछ लोगों को लग रहा था कि ये किसान लखनऊ में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने में सक्षम होंगे। लेकिन हकीकत यह है कि मतदाताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताया है।’’

उत्तर प्रदेश उन पांच राज्यों में शामिल है, जहां बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए गए। भाजपा को उत्तर प्रदेश के अलावा गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में जनादेश मिला है। जबकि, पंजाब में आम आदमी पार्टी ने चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है।

देब ने यह भी कहा कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने योजनाओं का लाभ देते समय कभी भी राजनीतिक जुड़ाव को नहीं देखा है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदीजी ने कोविड-19 महामारी के बीच 80 करोड़ लोगों को मुफ्त चावल उपलब्ध कराया। केंद्र ने कोविड-19 के टीके मुफ्त में दिए हैं, आवास के लिए प्रावधान किए हैं और समाज के कमजोर वर्गों के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई।’’

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया आश्वासन का भी उल्लेख किया कि अगर भाजपा 2023 में सत्ता में आती है तो त्रिपुरा देश का नंबर एक राज्य बनेगा और कहा कि उनकी सरकार ने 2018 के चुनावों से पहले घोषणापत्र में किए गए लगभग सभी वादों को पूरा किया।

भाषा आशीष उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments