कोलकाता, सात अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने जलपाईगुड़ी जिले के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित नागराकाटा इलाके के दौरे के दौरान पार्टी सांसद खगेन मुर्मू और विधायक शंकर घोष पर हुए हमले की मंगलवार को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) से जांच कराने की मांग की।
मुर्मू और घोष, दोनों का अभी सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम मुर्मू और घोष पर हुए हमले की एनआईए जांच की मांग करते हैं।’’
भट्टाचार्य ने मालदा उत्तर से भाजपा सांसद मुर्मू तथा सिलीगुड़ी से विधायक एवं पश्चिम बंगाल विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक घोष पर हुए हमले को ‘‘सुनियोजित’’ करार दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों भाजपा नेताओं पर यह हमला ‘‘उत्तर बंगाल के लोगों में धार्मिक आधार पर आतंक और विभाजन का माहौल बनाने’’ के लिए किया गया।
यह आरोप लगाते हुए कि हमला अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों और रोहिंग्याओं द्वारा किया गया था, प्रदेश भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि राज्य पुलिस ने हमले को रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की।
भट्टाचार्य ने दावा किया, ‘‘मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की शुरुआत से पहले तृणमूल कांग्रेस लोगों में भय का माहौल पैदा करने के लिए विभिन्न स्थानों पर हमले करा रही है।’’
भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘अगर कोई यह सोचता है कि भाजपा सांसदों और विधायकों पर हमला करके वे हमारे कार्यकर्ताओं में भय पैदा कर सकते हैं, तो वे गलत हैं।’’
भाषा सुभाष मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
