नयी दिल्ली, 14 नवंबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में लोगों ने राज्य में सुशासन एवं विकास के लिए राजग को ‘‘सुनामी’’ जैसा विशाल जनादेश दिया है और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासन के दौरान राज्य में रहे ‘जंगलराज’ के लिए ‘नो एंट्री’ का बोर्ड लगा दिया है।
बिहार चुनावों में राजग की जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘यह एक विशाल जनादेश है और चुनाव परिणाम बताते हैं कि यह सुनामी है। बिहार के लोगों ने (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी के प्रति अटूट विश्वास और प्रेम व्यक्त किया है और उनके नेतृत्व में देश जो प्रगति कर रहा है, उस पर भी मुहर लगाई है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में पार्टी द्वारा ‘‘थोड़ी कम’’ सीटें हासिल करने के बाद हुए हर चुनाव में देश के लोग भाजपा की शानदार जीत सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने इस पीड़ा और दर्द को महसूस किया और चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लेने का फैसला किया। 2024 (लोकसभा चुनाव) के बाद, लोग प्रधानमंत्री मोदी पर अटूट विश्वास के साथ हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार, एक के बाद एक चुनावों में भाजपा-राजग को विशाल जनादेश दे रहे हैं।’’
नड्डा ने आरोप लगाया कि महागठबंधन राज्य में विभाजनकारी राजनीति कर रहा था और ‘‘घुसपैठियों’’ के समर्थन से चुनाव जीतने की उम्मीद कर रहा था, लेकिन जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार के नतीजों ने ‘‘जंगलराज’’ के लिए ‘‘नो एंट्री’’ का बोर्ड लगा दिया है क्योंकि लोगों ने विकास और सुशासन के लिए वोट दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वे ‘‘राष्ट्रवादी ताकतों’’ के साथ खड़े हैं।
इससे पहले, नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राजग की जीत को ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘डबल इंजन’ सरकार की विकासोन्मुखी और कल्याणकारी नीतियों के प्रति विश्वास की मुहर है।
नड्डा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि चुनाव में राजग को मिला ‘‘प्रचंड बहुमत’’ इस बात का भी प्रमाण है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन के ‘‘जंगल राज’’ और भ्रष्टाचार को पूरी तरह से नकार दिया और सत्तारूढ़ गठबंधन के ‘‘सुशासन, स्थिरता और विकास’’ के आयामों को अपनाया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह ‘‘अभूतपूर्व जनादेश’’ बिहार को एक विकसित राज्य और भारत को एक विकसित देश बनाने के राजग के संकल्प को साकार करने की राह पर आगे बढ़ाएगा।
भाषा
शफीक सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
