scorecardresearch
Tuesday, 9 June, 2026
होमदेशहरियाणा में क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं माइकल क्लार्क, CM सैनी से रियायती जमीन की मांग

हरियाणा में क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं माइकल क्लार्क, CM सैनी से रियायती जमीन की मांग

अगर क्लार्क के प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यह हरियाणा की उस परंपरा को फिर से आगे बढ़ाएगा, जिसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समय वीरेंद्र सहवाग से शुरुआत करते हुए खेल सितारों को लीज पर ज़मीन दी गई थी.

Text Size:

गुरुग्राम: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइकल क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कहा है कि वह राज्य में एक क्रिकेट अकादमी खोलना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में रियायती दर पर उपयुक्त ज़मीन देने का अनुरोध किया है.

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि क्लार्क ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास संत कबीर कुटीर में हुई बैठक के दौरान ज़मीन के लिए औपचारिक अनुरोध किया था. अधिकारी के अनुसार, सैनी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि इस प्रस्ताव की व्यवहारिकता की जांच की जाएगी.

दोनों ने इस दौरान थोड़ी देर क्रिकेट भी खेला. क्लार्क ने सैनी को कुछ हल्की गेंदें फेंकीं, जिनमें से एक पर मुख्यमंत्री ने जोरदार शॉट लगाया. इस पर क्लार्क ने दोनों हाथ उठाकर मज़ाकिया अंदाज़ में छक्का होने का संकेत दिया.

हरियाणा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में क्लार्क ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने उन्हें एक गेंद डाली और उन्होंने मुझे छक्का मार दिया…मुख्यमंत्री से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है. खेलों के प्रति उनका प्यार और जुनून बहुत महत्वपूर्ण है. इस राज्य ने कई शानदार खिलाड़ी दिए हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “उन्हें वही करते रहना चाहिए जो वे कर रहे हैं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि मैं राज्य को कुछ अच्छे क्रिकेटर दे सकूंगा. मैं राज्य में और समय बिताने की योजना बना रहा हूं और उम्मीद है कि यहां अपनी क्रिकेट अकादमी स्थापित करूंगा.”

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कमेंटेटर के रूप में भारत आए क्लार्क ने कहा कि यह व्यवस्था भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए फायदेमंद होगी. इससे युवा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को हरियाणा आने का मौका मिलेगा और भारतीय खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलिया में प्रशिक्षण के रास्ते भी खुलेंगे.

क्लार्क, जिन्होंने 2015 में ऑस्ट्रेलिया को उसके पांचवें एकदिवसीय विश्व कप खिताब तक पहुंचाया था, ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों पर भी गर्मजोशी से बात की. उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ने उन्हें भारत से हमेशा जुड़े रखा है.

सैनी ने मंगलवार को अपने एक्स एक्स अकाउंट पर क्लार्क के साथ मुलाकात का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क से मुलाकात और उनके साथ क्रिकेट खेलने का अवसर एक शानदार अनुभव रहा.”

उन्होंने आगे कहा, “उनकी खेल भावना, विनम्रता और साथी खिलाड़ियों के प्रति गहरा सम्मान खेल की असली भावना और खूबसूरती को दर्शाता है. ऐसे पल न सिर्फ यादगार होते हैं, बल्कि युवाओं को समर्पण और गरिमा के साथ उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा भी देते हैं.”

हरियाणा की एक पुरानी परंपरा

अगर सैनी क्लार्क के अनुरोध को मंजूरी दे देते हैं, तो यह पहली बार नहीं होगा जब राज्य ने किसी खेल सितारे को इस उम्मीद में ज़मीन लीज़ पर दी हो कि वहां एक अकादमी बनाई जाएगी. हालांकि, ऐसे इंतजामों का इतिहास पूरी तरह विवादों से मुक्त नहीं रहा है.

2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घोषणा की थी कि हरियाणा सरकार वीरेंद्र सहवाग के लिए क्रिकेट अकादमी बनाने के लिए ज़मीन उपलब्ध कराएगी.

23 एकड़ से अधिक ज़मीन झज्जर जिले में लीज़ पर आवंटित की गई थी. हालांकि, उस ज़मीन पर मुख्य रूप से क्रिकेट अकादमी नहीं बनी. सहवाग ने वहां एक स्कूल और खेल अकादमी का कैंपस बनाया. यह उनके दिवंगत पिता के उस सपने के अनुसार था, जिसमें वे ऐसी संस्था बनाना चाहते थे जहां बच्चे पढ़ाई कर सकें, रह सकें और खेल भी सकें.

स्थानीय लोगों के एक समूह और एक वकील ने इस व्यवस्था को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. उनका तर्क था कि पंचायत ने खेल अकादमी के लिए प्रस्ताव पारित किया था, न कि ऐसे स्कूल के लिए जो भारी फीस वसूलता हो. हालांकि, अदालत ने याचिका को लोकस स्टैंडी (याचिका दायर करने के अधिकार) के आधार पर खारिज कर दिया.

हुड्डा सरकार की उदारता केवल सहवाग तक सीमित नहीं थी. हरियाणा सरकार ने पहलवान सुशील कुमार को कुश्ती अकादमी के लिए 5 एकड़ ज़मीन और मुक्केबाज विजेंदर सिंह को बॉक्सिंग अकादमी के लिए 3 एकड़ ज़मीन भी लीज़ पर दी थी. यह ज़मीन सोनीपत के पास राई स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स में आवंटित की गई थी.

माइकल क्लार्क कौन हैं?

अपने पूरे क्रिकेट करियर में “पप” (Pup) नाम से मशहूर माइकल क्लार्क (45) ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं.

उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 115 मैचों में 8,643 रन बनाए. उनका औसत लगभग 50 रहा और उन्होंने 28 शतक लगाए. उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 329 रन था.

वनडे क्रिकेट में उन्होंने 245 मैचों में 7,981 रन बनाए. इस तरह उन्होंने सभी अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों को मिलाकर कुल 36 शतक लगाए.

कप्तान के रूप में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा. क्लार्क की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने 2013-14 की एशेज सीरीज में इंग्लैंड को 5-0 से हराया और टेस्ट रैंकिंग में फिर से नंबर-1 स्थान हासिल किया.

इसके बाद उन्होंने टीम को 2015 विश्व कप का खिताब भी दिलाया. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए फाइनल में उन्होंने 74 रन बनाए थे.

आईपीएल में क्लार्क का अनुभव काफी छोटा रहा. उन्होंने 2012 में सिर्फ एक सीजन के लिए पुणे वॉरियर्स इंडिया की ओर से खेला. इस दौरान उन्होंने 6 मैच खेले और 98 रन बनाए.

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कमेंट्री और ब्रॉडकास्टिंग के क्षेत्र में अपना दूसरा करियर बनाया.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments