पणजी, 12 नवंबर (भाषा) गोवा पुलिस ने पड़ोसी राज्य कर्नाटक से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों नें बुधवार को बताया कि यह गिरफ्तारी कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो के व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद हुई है, जिसमें आरोपी समुद्र तट पर दो विदेशी महिला पर्यटकों को कथित तौर पर परेशान करते नजर आ रहे थे।
वीडियो में दिखाया गया कि उत्तर गोवा के आरंबोल बीच पर कुछ पुरुष महिलाओँ के साथ जबरदस्ती तस्वीरें खिंचवाने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें अपने (पुरुषों के) कंधों पर हाथ रखकर पोज देने के लिए मजबूर कर रहे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता और राज्य में पर्यटकों की सुरक्षा की अवधारणा पर इसके प्रभाव को देखते हुए गोवा पर्यटन पुलिस ने वीडियो क्लिप के आधार पर शिकायत दर्ज की है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर मंद्रेम पुलिस ने सात नवंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना) और 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल के इस्तेमाल) के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
उन्होंने बताया कि मंड्रेम पुलिस थाने की एक विशेष टीम ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया और तकनीकी निगरानी तथा स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों को कर्नाटक के मैसूरु और बेंगलुरु में ढूंढ निकाला।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान कार्तिक बी.आर. (28), बी.एन. संतोष (33) और रवि बी.एन. के रूप में हुई है। सभी मैसूरु जिले के पिरियापटना भोगनहल्ली में रवंदूर होबली के निवासी हैं।
पुलिस टीम ने उन्हें उनके गृहनगर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि इस अभियान की सूचना पहले इसलिए नहीं दी गयी थी, ताकि संदिग्धों को सतर्क रहने का मौका न मिले।
भाषा प्रशांत सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
