बेंगलुरु, 27 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु में 29 वर्षीय एक महिला की नृशंस हत्या उसके और आरोपी के बीच कथित तौर पर शादी को लेकर हुए मतभेद की वजह से हुई थी। पुलिस आयुक्त बी दयानंद ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महिला का क्षत-विक्षत शव उसके घर के फ्रिज में मिला था।
आरोपी मुक्ति रंजन रे ने 25 सितंबर को अपने गृह राज्य ओडिशा में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। बेंगलुरु के व्यालिकावल स्थित घर में 21 सितंबर को महालक्ष्मी का शव उसकी मां और बड़ी बहन को मिला था। शव को 59 टुकड़ों में काटकर फ्रिज में रखा गया था।
दयानंद ने बताया, “व्यालिकावल थाने में 21 सितंबर को दर्ज एक महिला की हत्या के मामले में हम मृतका की मां की शिकायत के आधार पर मुख्य संदिग्ध की तलाश में अन्य राज्यों में गए, जहां हमें पता चला कि उसने ओडिशा के भद्रक जिले के धुसुरी थाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली है। हमारे अधिकारी और कर्मचारी वहां गए हैं और हम जानकारी जुटा रहे हैं।”
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि आरोपी ने एक पत्र लिखा था, जिसमें उसने हत्या के बारे में जिक्र किया और अपना गुनाह कबूल किया।
आयुक्त ने बताया, “हम वहां (ओडिशा) से सारी जानकारी प्राप्त कर मामले की जांच करेंगे। ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा सकती क्योंकि यह अभी भी जांच का हिस्सा है लेकिन प्रथम दृष्टया हमें जो पता चला वह यह कि उनके बीच व्यक्तिगत मतभेद थे, खासकर शादी को लेकर, जिसके बाद यह घटना हुई।”
दयानंद ने बताया कि आरोपी का छोटा भाई यहां रहता है और उससे पूछताछ की जा रही है और उसका बयान अदालत के समक्ष दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महालक्ष्मी अपने पति से अलग होने के बाद अक्टूबर 2023 से व्यालिकावल में रह रही थी।
उन्होंने बताया कि महालक्ष्मी और आरोपी रे कपड़े की एक दुकान पर साथ में काम करते थे और एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.