scorecardresearch
Friday, 29 March, 2024
होमदेशअन्य दलों के महिलाओं को महत्त्व देने का श्रेय प्रियंका गांधी को : कांग्रेस

अन्य दलों के महिलाओं को महत्त्व देने का श्रेय प्रियंका गांधी को : कांग्रेस

Text Size:

(संगीता बकाया)

लखनऊ, 24 जनवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा चुनाव में महिलाओं को महत्व दिए जाने का श्रेय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दिया है।

लल्लू ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा ‘प्रियंका गांधी ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का क्रांतिकारी नारा दिया है और जिस तरह से उन्होंने लड़कियों और महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ी है उससे दूसरे राजनीतिक दलों को यह सोचने पर मजबूर होना पड़ा है कि महिलाओं की भागीदारी के बिना अब राजनीति नहीं हो सकती।’’

उन्होंने कहा कि यही वजह है कि हम राजनीतिक पार्टियों के मंचों पर और चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं की भागीदारी देख पा रहे हैं। लल्लू ने दावा किया कि यह स्पष्ट रूप से प्रियंका इफेक्ट है।

गौरतलब है कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुई अपर्णा यादव, अदिति सिंह और प्रियंका मौर्य के साथ रविवार को लखनऊ की सड़कों पर चुनाव प्रचार किया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका ने पार्टी द्वारा प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा करने के बाद कहा था कि अब कोई भी दल आधी आबादी को नजरअंदाज नहीं कर सकता।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह बात आज सच साबित हुई है और हम यह देख रहे हैं कि भाजपा नेता महिलाओं के साथ पदयात्रा कर रहे हैं ताकि जता सकें कि वे महिलाओं के हितैषी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को इसके लिए भी उन महिला नेताओं की मदद लेनी पड़ी जो कुछ ही दिन पहले भाजपा में शामिल हुई हैं।

गौरतलब है कि भाजपा की महिला नेताओं का एक दल रविवार को प्रचार के लिए लखनऊ की सड़कों पर निकला था। इनमें सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव भी शामिल थीं जिन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है। इसके अलावा रायबरेली से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह ने भी पिछले हफ्ते भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।

भाजपा के इस दल में प्रियंका मौर्य भी शामिल थी जो कुछ दिन पहले तक कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल थीं। वह भी पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुई हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा ‘कांग्रेस ने जो वादा किया उसे निभाया लेकिन दूसरी तरफ यह लोग हैं जो अब इस बात को समझ रहे हैं कि महिला हितैषी चेहरा दिखाना जरूरी है ताकि वह अपना चेहरा दिखाने के लायक बन सकें।’

उन्होंने आरोप लगाया ‘इन पार्टियों ने न तो टिकट देने के मामले में महिलाओं का ख्याल रखा न ही महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया। इसके ठीक उलट कांग्रेस महिलाओं के कल्याण के लिए पूरी तरह समर्पित है और इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए उनकी बुलंद आवाज बनी है।’

लल्लू ने भाजपा पर दूसरे दलों की महिला नेताओं को लुभाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर इस पार्टी ने महिलाओं के भले के लिए ठोस काम किया होता या महिलाओं का कोई नेतृत्व खड़ा किया होता तो उन्हें ऐसी महिला नेताओं का सहारा नहीं लेना पड़ता जिन्होंने अपनी मेहनत से खुद को स्थापित किया है।

कांग्रेस नेता और बरेली की पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन तथा पार्टी की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य के कांग्रेस से अलग हो जाने के बारे में पूछे जाने पर लल्लू ने कहा कि इससे प्रियंका के अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा । उन्होंने कहा कि जो भी संघर्ष करना चाहेगा वह पार्टी के साथ ही रहेगा।

भाषा सलीम रंजन

रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments