शाजापुर, 15 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में नीलगाय और काले हिरण जैसे जंगली जानवरों से फसलों को नुकसान पर काबू के लिए दक्षिण अफ्रीका के विशेषज्ञों की मदद से 21 दिनों का एक अभियान चलाया जा रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शाजापुर की जिलाधिकारी रिजु बाफना ने बताया कि भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की इजाज़त और राज्य सरकार की सैद्धांतिक सहमति से, नीलगाय और काले हिरण पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद जिले में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले काले हिरणों और नीलगाय की लंबे समय से चली आ रही समस्या को हल करना है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के जानकारों के सहयोग से 100 नीलगाय और 400 काले हिरण पकड़े जाएंगे और उन्हें गांधी सागर अभयारण्य और राज्य के दूसरे वन अभयारण्यों में छोड़ा जाएगा।
काले हिरण पकड़ने के अभियान के लिए चुनी गई जगहों पर भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और दूसरी ज़रूरी मदद के लिए अलग-अलग अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
बाफना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे पूरे अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों के साथ तालमेल बनाए रखते हुए उन्हें ज़रूरी मदद दें।
भाषा सं दिमो अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
