scorecardresearch
Tuesday, 9 June, 2026
होमदेशअमरोहा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

अमरोहा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

Text Size:

अमरोहा, आठ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पुलिस ने सोमवार को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पॉक्सो अधिनियम और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखिलेश भदौरिया ने बताया कि राहरा थाना क्षेत्र के मदारीपुर गांव निवासी आरोपी फरमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम (एससी/एसटी एक्ट) की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

भदौरिया ने कहा, ‘राजस्व विभाग के सत्यापन और पैमाइश में आरोपी का निर्माण अवैध पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर से ढांचे को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है।’

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फरमान अभी फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

एएसपी अखिलेश भदौरिया ने कहा, ‘महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध में शामिल लोगों के प्रति पुलिस कोई नरमी नहीं बरतेगी। ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।’

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments