scorecardresearch
Wednesday, 12 November, 2025
होमदेशभाजपा नेता बीएल संतोष और संबित पात्रा ने मणिपुर में पार्टी विधायकों के साथ बैठक की

भाजपा नेता बीएल संतोष और संबित पात्रा ने मणिपुर में पार्टी विधायकों के साथ बैठक की

Text Size:

इंफाल, 12 नवंबर (भाषा) मणिपुर के तीन दिवसीय दौरे पर बुधवार को इंफाल पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बी.एल. संतोष और पार्टी सांसद संबित पात्रा ने पार्टी विधायकों के साथ बैठक की। भाजपा की प्रदेश इकाई के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।

पदाधिकारी ने बताया कि भाजपा के राज्य मुख्यालय में बंद कमरे में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष टी सत्यव्रत और पार्टी के 20 से अधिक विधायक शामिल हुए।

भाजपा की राज्य इकाई की अध्यक्ष शारदा देवी ने बैठक की अध्यक्षता की।

पदाधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि बैठक के पुख्ता एजेंडे की जानकारी नहीं है, लेकिन संभवत: मणिपुर के राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा केंद्रित रही।’’

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष और पूर्वोत्तर समन्वयक संबित पात्रा का इंफाल हवाई अड्डे पर शारदा देवी और कई कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

जब संतोष से भाजपा नेताओं के इस दौरे की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा, “हम सब कुछ बताएंगे।”

भाजपा की प्रदेश इकाई के एक पदाधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दोनों नेता “पहाड़ी और घाटी जिलों में पार्टी के समन्वय को मजबूत करने और राज्य में सरकार बनाने की संभावनाएं तलाशने” के लिए मेइती और कुकी विधायकों से मुलाकात करेंगे।

मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा के बाद मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के उपरांत केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था और राज्य विधानसभा को भंग कर दिया गया था।

पार्टी पदाधिकारी के अनुसार, भाजपा के दोनों नेता गठबंधन सहयोगियों और राज्य के विभिन्न समुदायों से जुड़े नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

राज्य में मई 2023 से जारी जातीय संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

भाषा खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments